
इंदौर। शहर में चोरी, लूट और चाकूबाजी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए झोन-2 के थानो में पुलिस ने 50 से अधिक हॉट स्पॉट चिह्नित किए हैं, जहां रोजाना ड्रोन से पेट्रोलिंग के साथ पुलिस की टीम गश्त में उनको चेक कर रही है। एडीसीपी अमरेंद्रसिंह ने बताया कि पुलिस ने सर्कल के सात थानों के लिए एक प्लान तैयार किया है। इसके तहत जहां जहां लगातार चोरियां, लूट और झगड़े के मामले सामने आ रहे हैं या फिर पहले यहां घटनाएं हुई हैं, ऐसे हॉट स्पॉट को चिह्नित किया गया है।
लगभग हर थाने में आठ से दस हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। यहां पर पुलिस जहां रोजाना रात में ड्रोन पेट्रोलिंग कर रही है, वहीं पुलिस की गश्त टीम इन हॉट स्पॉट को रोजाना रात में चेक कर रही है। इसका असर भी देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में होने वाली घटनाओं में कमी आई है। यह पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी।
इसके अलावा कनाड़िया, लसूड़िया जैसे आउटर के थानों में कई ऐसे रास्ते हैं, जहां से बदमाश खेत या पगडंडी के रास्ते यहां पहुंचते थे और वारदात कर यहां से फरार हो जाते थे। इन रास्तों को भी चिह्नित किया गया है। यहां भी टीम रात में चेकिंग कर रही है। इसके अलावा ऐसे क्षेत्रों में रात में ड्रोन भी उड़ाया जा रहा है। कोई भी संदिग्ध दिखाई देने पर उसको घेराबंदी कर पकड़ा जा रहा है। इसके चलते वारदातों में कमी आई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved