
इंदौर। भाजपा की क्षेत्रीय कार्यशाला को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यशाला में शामिल होने वाले अतिथि भाजपा कार्यकर्ताओं का आगमन शुरू हो चुका है। सोमवार रात और मंगलवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर विभिन्न राज्यों और जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं का सिलसिला जारी है, जहां भाजपा नगर इकाई द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन परिसर में सियागंज, प्लेटफॉर्म नंबर-1 और नेहरू पार्क के सामने तीन स्वागत काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर महिला कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का तिलक लगाकर, आरती उतारकर एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया, साथ ही गुलाब की कलियां भेंटकर आत्मीयता का परिचय दिया गया। आगंतुकों के लिए चाय-बिस्किट की व्यवस्था भी की गई है। अतिथियों को स्वदेशी भाव से जुड़े किट भी वितरित किए जा रहे हैं, जिसमें लालदंत मंजन, टूथपेस्ट, ब्रश, साबुन, दातून सहित अन्य उपयोगी सामग्री शामिल है। स्टेशन से ही वाहनों की व्यवस्था कर अतिथियों को उनके ठहरने के स्थान तक पहुंचाया जा रहा है।
इस दौरान स्टेशन पर विधायक रमेश मेंदोला ने स्वयं उपस्थित रहकर नगर प्रभारी राजेश सिंह सोलंकी सहित अन्य अतिथियों की अगवानी की। स्वागत में प्रमुख रूप से सुधीर कोल्हे, सुरेश कुरवाड़े, रोहित चौधरी, मनोज मिश्रा, गजानन गावड़े, रजत शर्मा, आदित्य पांडे, श्रीकांत दुबे, पृथ्वी गोरे, आशीष शर्मा, रितेश वीरांग, चंद्रभान सिंह सोलंकी, यशवंत शर्मा, संतोष सिंह, दुष्यंत वर्मा, ऋषभ गुर्जर, भावना बारगल, गीता राठौर, दीपा श्रीवास्तव, नीतू सिंह, रेणु स्वामी और कृष्णा वेदी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कल के आयोजन के लिए पूरे शहर को भाजपामय कर दिया गया है। जगह-जगह भाजपा के झंडे और बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved