उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

नए वर्ष में गांधी चौपाल से की कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन व बड़े आंदोलन की शुरूआत

  • पूरे प्रदेश में कांग्रेस बना रही विरोध की रणनीति, आज मुल्लापुरा चौराहे से शुरूआत

उज्जैन। कांग्रेस ने 2023 के विधानसभा चुनावों को लेकर नया साल नई सरकार का नारा दिया है। इसके अंतर्गत आज पहले दिन सभी जिलों में संकल्प यात्राएं निकाली जाएंगी और चुनाव के पहले सालभर बड़े आंदोलन किए जाएंगे, जिसे पीसीसी तय करेगा। उज्जैन में कांग्रेस पार्टी ने आज मुल्लापुरा चौराहे पर गांधी चौपाल लगाई है। 2018 में विधानसभा चुनाव जीतने के 15 माह बाद कांग्रेस सरकार से बाहर हो गई थी, लेकिन अब 2023 में सरकार किसी प्रकार की गलती नहीं करना चाहती है। इसके लिए कांग्रेस अभी से ही विभिन्न आंदोलनों और आयोजनों के माध्यम से पूरे प्रदेश में अपने पक्ष में माहौल बनाने जा रही है। इसी को लेकर नया साल नई सरकार का नारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दिया है। आज सभी जिलों से संकल्प पदयात्रा निकालने का आह्वान भी किया गया है। उज्जैन में शहर कांग्रेस पार्टी के बैनरतले आंदोलन की शुरूआत की गई है। आज पहले दिन सुबह 11 बजे से सभी कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता बडऩगर चौराहे स्थित मुल्लापुरा चौराहे पर जुटे। कार्यकारी शहर अध्यक्ष रवि राय ने बताया कि यहाँ आज गांधी चौपाल लगाई जा रही है। जिसका नेतृत्व शहर अध्यक्ष रवि भदौरिया कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन अपने-अपने क्षेत्र में माहौल बनाने के लिए सभी कांग्रेजजन प्रयास कर रहे हैं। आज वार्ड 12 में गांधी चौपाल लगाकर लोगों को पार्टी की रीति-नीति के बारे में बताया जा रहा है। वहीं 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा भी निकालने की तैयारी है। इसके साथ ही चुनावी साल में हर महीने एक बड़ा आंदोलन किए जाने की भी योजना है, जिसमें प्रदेश की सरकार को घेरा जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश के पदाधिकारियों के मुताबिक सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, किसानों का कर्जा, बेरोजगारी, व्यापम आदि मुद्दों पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जल्द ही एक बैठके का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें खुद प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल मौजूद रहेंगे। सभी जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों को भी बैठक में बुलाकर उन्हें पूरी ताकत से सरकार का विरोध करने के लिए कहा जाएगा।


कांग्रेस में सर्वे पर बोले शेखर… ऐसा कोई सर्वे ही नहीं हुआ
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा कराए जाने वाले सर्वे को उनकी ही पार्टी के उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने नकार दिया है, उन्होंने कहा है कि ऐसा कोई सर्वे नहीं हुआ। दरअसल कल कांग्रेस के ही चाचोड़ा विधायक लक्ष्मणसिंह ने ट्वीट में कहा था कि सर्वे में कांग्रेस के 17 पूर्व मंत्री और 37 विधायकों की हालत खराब है। ऐसी स्थिति क्यों बनी, इसको लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया था। इसके बाद कमलनाथ ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया तो दी ही साथ ही शेखर ने कहा कि कांगे्रस ने ऐसा कोई सर्वे ही नहीं कराया, जिसकी बात लक्ष्मणसिंह कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि अगर कांग्रेस ने कोई सर्वे ही नहीं किया तो बार-बार कांग्रेस सर्वे के आधार पर टिकट बंटवारे की बात क्यों करती है?

Share:

Next Post

नए साल की पहली सुबह भोले बाबा के चरणों में..

Sun Jan 1 , 2023
पूरे देशभर से आए लाखों श्रद्धालु-पिछले तीन दिनों से महाकाल क्षेत्र में पड़ रही है भीड़-इंदौर रोड पर लग रहा है जाम उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में कल वर्ष के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। आज सुबह से भी यहाँ बड़ी संख्या में दर्शन के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। भस्मारती में भी आज सुबह […]