
इंदौर। इंदौर में पिछले दिनों ई-रिक्शा में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लसूड़िया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद किया है। गिरोह का सरगना उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है, जो वारदात के बाद वापस अपने राज्य लौट जाता था।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को एक परिवार रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में लसूड़िया स्थित घर पहुंचा था। घर पहुंचने पर युवती ने अपना सूटकेस देखा तो उसमें रखे सोने के जेवर और नकदी गायब मिले। शिकायत के बाद लसूड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच में एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ, जिसने शहर के कई थाना क्षेत्रों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरोह के सरगना महबूब, मोहम्मद रियाज, कमल किशोर और ई-रिक्शा चालक जितेंद्र उर्फ तालू जोशी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब 20 लाख रुपये का चोरी किया माल और वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और संगठित अपराध के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved