4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर तैयार कर रहे हैं अपनी उपलब्धि का बहीखाता
इन्दौर। महापौर (Mayor) पुष्यमित्र भार्गव (Pushyamitra Bhargava) ने नगर निगम (Municipal council) के सभी पार्षदों (councilors) से उनके कामकाज का रिपोर्ट कार्ड (performance report) मांगा है। निगम की इस परिषद के कार्यकाल के 4 साल पूरे होने के मौके पर अपनी उपलब्धि का बहीखाता तैयार करने का काम शुरू हो गया है।
महापौर के 5 वर्ष के कार्यकाल के 4 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। अब उनके कार्यकाल का अंतिम वर्ष शुरू होने की बेला आ गई है। कार्यकाल के 4 वर्ष पूरे होने के मौके पर महापौर द्वारा निगम परिषद के सभी पार्षदों से उनका रिपोर्ट कार्ड मांगा गया है। इसके लिए सभी पार्षदों को संदेश दिया गया है। हर पार्षद से कहा गया है कि वह अपने वार्ड में किए गए पांच प्रमुख कार्यों का विवरण दें। इसके साथ ही इन पार्षदों से कहा गया है कि उनके वार्ड में किया गया कोई भी एक बड़ा काम अलग से बताएं। महापौर द्वारा सभी पार्षदों से रिपोर्ट कार्ड लेकर उसके माध्यम से अपने कार्यकाल की उपलब्धि का बहीखाता तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। जिस दिन निगम परिषद के कार्यकाल के 4 साल पूरे होंगे उस दिन उपलब्धियों की इस कहानी को जनता के बीच रखते हुए सार्वजनिक किया जाएगा। इन विकास कार्यों के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि पिछले 4 साल के दौरान विकास की दृष्टि से इंदौर महत्वपूर्ण स्थिति में रहा है।
दूरगामी कामों की अलग प्रस्तुति
इसके साथ ही महापौर द्वारा जो दूरगामी काम शुरू करवाए गए हैं, उनकी अलग से प्रस्तुति की जाएगी। इनमें खासतौर पर नर्मदा पेयजल योजना का चौथा चरण, अमृत 2.0 योजना के तहत पुराने इंदौर क्षेत्र की पानी और ड्रेनेज की लाइन बदलने की योजना, शहर में जल वितरण के लिए नई टंकियों के निर्माण की योजना और मास्टर प्लान में प्रावधान की गई 23 सड़कों के निर्माण का मामला शामिल है। इन सभी कार्यों को भविष्य के इंदौर के निर्माण कार्य के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू हो गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved