
इंदौर। साल के सबसे गर्म महीने कहे जाने वाले मई की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इस महीने में पिछले साल गर्मी के बजाए बारिश ने इतिहास रच दिया था। पिछले साल मई में 8 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी, जो इंदौर के इतिहास में मई में दर्ज सर्वाधिक बारिश है। इस बार भी अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। यह बारिश गर्मी से तपते शहर को राहत देने के साथ ही गिरते भूजल स्तर को संभालने में भी मदद करती है।
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर के इतिहास में सबसे ज्यादा गर्मी अब से 32 साल पहले मई के माह में ही दर्ज की गई थी। 31 मई 1994 को पारा 46 डिग्री पर जा पहुंचा था, जो इंदौर का सर्वाधिक तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार मई माह में औसत अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहता है, वहीं औसत न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री तक जाता है। शहर में इस माह में अक्सर गर्म हवाएं लू की स्थिति भी बनाती हैं। इस माह में बारिश भी देखने को मिलती है। इंदौर में मई माह की औसत वर्षा 13.4 मिलीमीटर है। मई में मौसम बदलने से कभी-कभी तापमान में काफी गिरावट भी देखने को मिलती है। मौसम विभाग के अनुसार अब से 145 साल पहले 3 मई 1881 को इंदौर में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री तक चला गया था, जो मई का सबसे कम तापमान है। पिछले साल भी रिकॉर्ड तोड़ बारिश के कारण न्यूनतम तापमान गिरकर 17.2 डिग्री तक जा पहुंचा था, जो सबसे कम तापमान से सिर्फ 0.5 डिग्री ज्यादा था।
पिछले साल बारिश ने तोड़ा था 140 साल पुराना रिकॉर्ड
मौसम विभाग के रिकार्ड के मुताबिक मई में सर्वाधिक बारिश का रिकार्ड पिछले साल 8.2 इंच के रूप में दर्ज किया गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 140 साल पूर्व वर्ष 1886 के नाम दर्ज था। तब इंदौर में मई माह में सवा चार इंच बारिश रिकार्ड की गई थी। हालांकि 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड अब भी 1886 के पास ही है। 29 मई 1886 को 24 घंटे में करीब चार इंच बारिश हुई थी।
पिछले 10 सालों में 2016 और 2023 रहे सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 10 सालों में 2016 और 2024 यानी पिछला साल ही सबसे ज्यादा गर्म रहा है। 2016 में 19 मई को और 2024 में 23 मई को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री तक पहुंचा था, वहीं 2021 में सबसे कम अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रिकार्ड किया गया था। पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 2015 में 16 मई की रात 23.2 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था, वहीं पिछले साल मई सबसे ठंडा रहा था, जब 5 मई को तापमान 17.2 डिग्री तक पहुंच गया था।
एक नजर पिछले 10 सालों में मई के मौसम पर
वर्ष अधि. तारीख न्यून. तारीख कुल वर्षा
2016 44.5 19 19.9 9 20.4
2017 42.8 26 19.6 9 9.5
2018 43.2 29 22.6 4 2.4
2019 42.5 29, 31 21.2 5 0.1
2020 42.4 25, 26 22.5 11 7.4
2021 40.6 1 21 20 29.8
2022 43.4 13 23 4 0
2023 42.7 13 18.9 1 76.8
2024 44.5 23 21.4 2 21
2025 42 1 17.2 5 207.9
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार, तापमान डिग्री सेल्सियस में, वर्षा मिलीमीटर में)
कल भी 40 डिग्री पर रहा पारा
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.1 डिग्री कम था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री रहा, जो सामान्य लेकिन कल की अपेक्षा 1.3 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 37 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कल से अगले कुछ दिन शहर में बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved