
इंदौर। शहर (Indore) के आसमान पर पिछले एक माह से ज्यादा समय से लगातार बादल छा रहे हैं, लेकिन इनसे तेज बारिश (Heavy rain) का तोहफा नहीं मिल रहा है। इसके कारण शहर अपनी औसत बारिश (Average rainfall) से लगातार पिछड़ता जा रहा है। पिछले 36 दिनों पर नजर घुमाए तो शहर को इस दरमियान सिर्फ 4.25 इंच बारिश मिली है, जबकि इससे पहले जुलाई के पहले 7 दिन में 8 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। बारिश की कमी से अब शहर की चिंता बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी ओर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ और दिनों तक शहर में तेज बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 1 से 7 जुलाई के बीच इंदौर में 8.4 इंच बारिश दर्ज की गई थी, वहीं 8 जुलाई से आज सुबह तक की स्थिति देखें तो इन 36 दिनों में महज सवा 4 इंच बारिश ही मिल पाई है। इसके कारण शहर अपनी सामान्य औसत वर्षा से 5 इंच पीछे जा चुका है। यह अंतर रोज बढ़ता जा रहा है। कल भी सुबह से हल्की बूंदाबांदी का दौर चलता रहा, लेकिन आज सुबह तक सिर्फ 0.5 मिलीमीटर (0.2 इंच) बारिश ही मिल पाई। इसके साथ ही शहर में 1 जून से अब तक बारिश का कुल आंकड़ा 17.2 इंच पर पहुंचा है। कल दिन में कुछ समय मौसम खुला रहने के कारण तापमान में भी तेजी आई। कल दिन का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 2 डिग्री कम लेकिन परसों की अपेक्षा 2 डिग्री ज्यादा था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री रहा, जो सामान्य था। इस दौरान हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।
आने वाले दिन भी ऐसे ही रहने का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इंदौर में आने वाले कुछ दिन भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिन तेज बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। रोजाना बादल और बूंदाबांदी जरूर देखने को मिलेगी, लेकिन इससे बारिश के आंकड़े में कोई बड़ा इजाफा नहीं हो सकेगा। इसके कारण शहर अपने औसत से और पिछड़ सकता है।
50 दिन में चाहिए 20 इंच पानी
शहर में 1 जून से शुरू होने वाले मानसून सीजन, जिसका समापन सितंबर अंत पर होता है, के दरमियान बारिश का औसत कोटा 37.5 इंच है। अब तक शहर के खाते में सिर्फ 17.2 इंच पानी ही आया है। इसे देखते हुए अगले 50 दिन में शहर को अपना कोटा पूरा करने के लिए 20 इंच बारिश की और जरूरत है, लेकिन जिस तरह की स्थिति पिछले एक माह से ज्यादा से बनी हुई है उसे देखते हुए इसकी उम्मीद कम है। अगर आने वाले दिनों में अच्छी बारिश नहीं मिलती है तो शहर अपना औसत कोटा भी पूरा करने से पिछड़ सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved