img-fluid

इंदौर: नाइट कल्चर की वापसी, अब एबी रोड ही नहीं, पूरा शहर खुला रहेगा रातभर

August 14, 2026

शराब दुकानों और बारों का नहीं बढ़ेगा समय, पुलिस प्रशासन, निगम की जिम्मेदारी अवश्य बढ़ेगी, महिलाओं को सुरक्षा के साथ देना पड़ेगी परिवहन की भी सुविधा

इंदौर। कुछ समय पूर्व शासन (Previous administration) के निर्देश पर इंदौर (Indore) के एबी रोड (AB Road), जिसे बीआरटीएस कॉरिडोर (BRTS Corridor) भी कहा जाता था, उसे रातभर खोलने की अनुमति प्रयोग के रूप में दी गई थी। मगर मीडिया से लेकर जनप्रतिनिधियों ने इसे नाइट कल्चर का नाम देकर हल्ला मचाया और बढ़ते अपराधों, नशाखोरी, ड्रग कारोबार सहित अन्य अवैधानिक गतिविधियों से इसे जोड़ दिया। नतीजतन शासन ने यह प्रयोग बंद करवा दिया। मगर अब केन्द्र सरकार के निर्देश पर प्रदेश की भाजपा सरकार ने भी रातभर होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लैक्स सिनेमा सहित अन्य गतिविधियों को खोलने की अनुमति दे दी है, जिसके चलते अब एबी रोड ही नहीं, बल्कि पूरा शहर रातभर खुला रह सकेगा और महिलाओं को सुरक्षा के साथ परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध कराना पड़ेगी।


  • विदेशों में तो 24 घंटे-सातों दिन कई दुकानें खुली रहती हैं और देश के भी बड़े शहरों में यह चलन रहा है। पिछले दिनों केन्द्र सरकार ने सभी राज्यों से कहा कि वे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए रात्रि में भी दुकानों, प्रतिष्ठानों को खोलने की अनुमति दें, जिससे आईटी सेक्टर, कॉल सेंटर सहित रात में जो उद्योग-धंधे चलते हैं उनमें काम करने वाले कर्मचारियों को भी सुविधाएं मिल सकें। यह भी उल्लेखनीय है कि इंदौर में बीआरटीएस कॉरिडोर के 11 किलोमीटर के हिस्से में रात्रिकालीन बाजार शुरू करने का प्रयोग भी किया गया, जो लगभग 22 महीने तक चला। मगर इसी बीच काबिना मंत्री के साथ-साथ मीडिया और अन्य जिम्मेदारों ने नाइट कल्चर का हल्ला मचाना शुरू कर दिया, जबकि उस वक्त भी शराब की दुकानों, बारों सहित इस तरह की गतिविधियों का समय नहीं बढ़ाया था और वे अपने निर्धारित समय रात साढ़े 11 और 12 बजे बंद हो जाती थीं। बावजूद इसके नशाखोरी, ड्रग, अन्य अपराधों को बढ़ावा देने के लिए नाइट कल्चर को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया गया। हालांकि तत्कालीन कलेक्टर और आला पुलिस अधिकारियों ने यह रिपोर्ट भी जारी की थी कि नाइट कल्चर का नाम देकर जबरन इस प्रयोग को बदनाम किया जा रहा है, जबकि इसमें नागरिकों को सुविधाएं मिलीं और साथ ही इससे जुड़े कारोबारियों को अलग से आर्थिक मदद भी मिलने लगी, जिससे शासन के राजस्व में भी इजाफा हुआ। मगर चूंकि माहौल ऐसा बना दिया गया, जिसके चलते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पीछे हटना पड़ा और इंदौर में शुरू हुआ यह प्रयोग ताबड़तोड़ बंद करवा दिया गया, जबकि उसके थोड़े दिन पहले ही खुद मुख्यमंत्री ने ट्विट कर पूरे प्रदेश में रात को बाजार खुले रहने और कारोबार को बढ़ावा देने की बात कही थी। अब चूंकि उन्हीं की केन्द्र सरकार ने राज्यों को निर्देश दिए हैं, जिसके चलते प्रदेश की भाजपा सरकार को भी यह प्रावधान लागू करना पड़ा और अब शहरी क्षेत्रों में 24 ही घंटे होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल से लेकर निजी कार्यालय और अन्य प्रतिष्ठान खुले रह सकेंगे। इस बार भी शासन ने वही तर्क दिए, जो इंदौर में एबी रोड को रात में शुरू करने के वक्त दिए थे, जिससे आईटी सेक्टर के अलावा बड़ी कम्पनियों के निवेश, तीन पालियों में काम करने और औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने की बातें कही गईं। रात में जो प्रतिष्ठान महिलाओं को काम देंगे उन्हें उनकी सुरक्षा और परिवहन की व्यवस्था भी करना पड़ेगी। हालांकि रातभर बाजार अगर पूरे शहर में खुले रहेंगे तो पुलिस, प्रशासन, निगम से लेकर अन्य विभागों का कामकाज भी बढ़ेगा और दिन के साथ उन्हें रात में भी ड्यूटी देना पड़ेगी।

    Share:

  • शादमान इस्लाम का विकेट लेते ही स्टार्क का ऐतिहासिक कमाल, हेराथ को पीछे छोड़ा और कपिल देव के क्लब में पहुंचे

    Fri Aug 14 , 2026
    नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया (Australian)के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क(fast bowler Mitchell Starc) ने टेस्ट क्रिकेट(Test Cricket) में अपने शानदार करियर का एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में शादमान इस्लाम का विकेट लेते ही स्टार्क ने इतिहास रच दिया। इस विकेट के साथ उनके […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved