भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

15 साल बाद सीपीए से जवाहर सिंह की छुट्टी

  • भोपाल विकास प्राधिकरण को लौटाई सेवा

भोपाल। राज्य सरकार ने राजधानी में हर साल हजारों करोड़ रुपए का काम करने वाली संस्था राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए)के अधीक्षण यंत्री जवाहर सिंह की विदाई कर दी है। जवाहर सिंह सीपीए में जनवरी 2006 से पदस्थ थे। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में उनकी सेवाएं मूल संस्था भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए)को लौटाई हैं। राज्य शासन ने 18 जनवरी 2006 को भोपाल विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री जवाहर सिंह की सेवाएं प्रतिनियुक्ति पर सीपीए को सौंपी थी। इसके बाद वे 15 मई 2013 से सीपीए में बतौर अधीक्षण यंत्री पदस्थ हैं। उन्होंने राजधानी परियोजना प्रशासन में 15 साल तक काम किया है। राज्य शासन ने आनन-फानन में उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए भोपाल विकास प्राधिकरण भेज दिया है।

जवाहर को रोकना चाहते थे मंत्री
नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री भूपेन्द्र सिंह जवाहर सिंह को सीपीए में रोकना चाहते थे। वे उनकी सेवाएं बीडीए को लौटाने के पक्ष में नहीं थे। मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने आनन-फानन में जवाहर सिंह की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर सेवाएं लौटाने का आदेश जारी किया।

संगठन के दखल पर हटाया
जवाहर सिंह को सीपीए में प्रतिनियुक्ति पर भाजपा सरकार ने ही भेजा था। सूत्रों ने बताया कि संघ एवं भाजपा के दखल के बाद उन्हें हटाया गया है। सिंह के भाजपा से ज्यादा कांगे्रस नेताओं से मजबूत संबंध थे। इसी तरह गैस राहत एवं पुनर्वास विभाग में पिछले 13 साल से जमे उज्जैन विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री नीरज पाण्डे की सेवाएं भी उनकी मूल संस्थान उज्जैन विकास प्राधिकरण को लौटा दी हैं।

इन्हें भी हटाया
नगरीय प्रशासन विभाग ने एक अन्य आदेश में अभय राजनगांवकर संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास इंदौर को हटा दिया है। उनकी जगह नगरीय प्रशासन विभाग के उपसचिव राजीव निगम को पदस्थ किया है। निगम का पूर्व में आदेश हो चुका था, लेकिन निकाय चुनाव संबंधी कार्य की वजह से उन्हें रिलीव नहंीं किया गया था। इसी तरह पीएचई विभाग ने दीपक रत्नावत अधीक्षण यंत्री पीएचई इंदौर की सेवाएं नगरीय प्रशासन विभाग को प्रतिनियुक्ति पर सौंपी हैं।

Share:

Next Post

बिल वसूलें, ट्रांसफॉर्मर्स की गुणवत्ता से न करें कतई समझौता

Wed Dec 9 , 2020
मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा किसानों से लें फीडबैक भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को बिना बाधा के विद्युत सप्लाई, आम लोगों से बकाया देयकों की वसूली और बिजली चोरी रोकने के कार्य प्राथमिकता से किए जाए। नगारिकों को विद्युत की बचत के लिए भी प्रेरित किया जाए। प्रदेश में […]