उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

गऊघाट पर महाकाल का अभिषेक करने आया कावडिय़ा डूबा

  • एक बच गया लेकिन दूसरे का शव नहीं मिला-इंदौर निवासी परिवार के एक दर्जन से ज्यादा लोग कावड़ लेकर आज सुबह आए थे

उज्जैन। इंदौर निवासी परिवार के एक दर्जन से ज्यादा लोग आज सुबह कावड़ लेकर महाकालेश्वर का अभिषेक करने आए थे। सुबह गऊघाट पर परिवार नहाने के लिए रुक गया। नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में जाकर डूब गए जिनमें से एक को बचा लिया गया लेकिन दूसरे का कुछ पता नहीं चला। नदी में बहाव होने के कारण उसका शव आगे निकल गया। सूचना मिलने के बाद नीलगंगा पुलिस मौके पर आ गई थी। तैराकों की मदद से शव को ढूंढने का काम शुरू करवाया गया।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि इंदौर के विजय नगर निवासी राहुल पिता राजकुमार शर्मा, संकल्प शर्मा सहित उनके परिवार के 13 लोग कावड़ लेकर आज सुबह 6 बजे उज्जैन पहुँचे थे और उन्हें भगवान महाकालेश्वर का अभिषेक करना था। सुबह उज्जैन पहुँचने के बाद पूरा परिवार गऊघाट पर रुक गया और सभी लोग यहाँ नहाने लगे। नहाने के दौरान राहुल और संकल्प गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। इस दौरान उनके साथ गए लोगों ने संकल्प को तो बचा लिया लेकिन राहुल को नहीं बचा पाए।


बारिश के चलते नदी में पानी का बहाव अधिक होने से राहुल डूबने के बाद बह गया और उसका कुछ पता नहीं चला। परिवार का शोर सुनकर वहाँ लोगों की भीड़ लग गई और सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई। मौके पर मौजूद मृतक के परिजनों ने बताया कि राहुल के माता-पिता हरियाणा में रहते हैं और वह एक साल से पढ़ाई करने के लिए इंदौर के विजय नगर में रहने वाले अपने मामा के घर रह रहा था। गऊघाट पर गहरे पानी में न जाने संबंधी सूचना बोर्ड भी लगा हुआ है लेकिन इसके बावजूद भी लोग पानी में उतरने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी लापरवाही के चलते आज सुबह यह गंभीर हादसा हो गया। पुलिस ने तत्काल रामघाट से तैराकों के दल को मौके पर बुलवाया और मृतक के शव की खोजबीन शुरू की गई लेकिन दोपहर तक मृतक के शव का पता नहीं चल पाया था। इधर गऊघाट समिति के लोगों ने बताया कि सावन मास में प्रशासन को यहाँ तैराकों का दल लगाना चाहिए क्योंकि कई श्रद्धालु यहाँ भी स्नान के लिए आते हैं। ऐसे में कभी भी हादसे की आशंका बनी रहती है। इधर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Share:

Next Post

39 बसों को कंडम घोषित करने के लिए फाइल आरटीओ भेजी

Sun Jul 24 , 2022
नगर निगम की भंगार सिटी बस को बेचने की तैयारी-वर्तमान में 25 बसें चलने लायक उज्जैन। 13 साल पहले शहर में चली सिटी बस अब धीरे-धीरे दम तोड़ती नजर आ रही है। पहली किश्त में नगर निगम 39 बस को कंडम घोषित करवा कर बेचने की तैयारी कर रहा है वहीं अभी वर्तमान में उनके […]