
इंदौर। इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में करीब एक महीने पहले हुई एक नवविवाहिता की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। संविद नगर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली 26 वर्षीय आरती पटेल के मामले में पुलिस ने विस्तृत मर्ग जांच और मायके पक्ष के बयानों को आधार बनाते हुए आरोपी पति के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का गंभीर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि पति आए दिन मृतिका के साथ छोटी-छोटी बातों पर विवाद कर बेरहमी से मारपीट करता था और ताने मारता था, जिससे तंग आकर विवाहिता ने यह खौफनाक कदम उठाया।
रिश्तों को शर्मसार करने और एक विवाहिता को मौत के मुंह में धकेलने का यह सनसनीखेज मामला तिलक नगर के संविद नगर का है। यहाँ रहने वाली 26 साल की आरती पटेल ने गत 25 मई को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद तिलक नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विस्तृत जांच में लिया था। चूंकि मामला नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से जुड़ा था, इसलिए एसीपी कुंदन मंडलोई ने हर पहलू को बारीकी से खंगाला।मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका आरती के पिता द्वारका पटेल और भाई दीपक पटेल के बयान दर्ज किए। मायके पक्ष ने पुलिस के सामने आरोपी पति के क्रूर चेहरे को बेनकाब करते हुए आरोप लगाया कि मूल रूप से ग्राम सरदई, जिला सागर का निवासी पति गोपाल पटेल शादी के बाद से ही आरती को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी गोपाल पटेल आए दिन छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा खड़ा करता था और आरती के साथ बेरहमी से मारपीट कर ताने मारता था। ससुराल पक्ष की इसी रोज-रोज की यातना और गंभीर प्रताड़ना का शिकार हो रही आरती का सब्र आखिरकार टूट गया और उसने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मायके पक्ष के बयानों और मर्ग डायरी के पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति गोपाल पटेल के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved