खेल

माराडोना के निधन पर अर्जेंटीना सरकार ने की तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा

ब्यूनस आयर्स। दिग्गज फुटबॉलर डिएगो माराडोना के निधन पर अर्जेंटीना की सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। माराडोना के निधन के दिन से तीन दिन का राष्ट्रीय शोक होगा।

माराडोना का निधन बुधवार को राजधानी ब्यूनस आयर्स के उत्तरी बाहरी इलाके में टाइग्रे जिले में उनके घर पर दिल का दौरा पड़ने से हुआ। अर्जेंटीना के सैन इसिद्रो शहर के प्रोसेक्यूटर जनरल जॉन ब्रायड ने कहा कि उनका निधन प्राकृतिक कारणों से हुआ है। ब्रायड के अनुसार, माराडोना का निधन बुधवार को स्थानीय समयानुसार लगभग 12.00 बजे राजधानी के उत्तरी बाहरी इलाके सैन एंड्रेस के पास उनके घर पर हुआ। 30 अक्टूबर को, माराडोना ने अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था।

जिसका नाम डिएगो माराडोना है, वह कभी मर नहीं सकता : मेसी

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिसका नाम डिएगो माराडोना है, वह कभी मर नहीं सकता क्योंकि डिएगो नाम अमर है। मेसी ने माराडोना को याद करते हुए ये बातें अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखी। माराडोना का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 60 साल के थे।

मेसी ने अपने पोस्ट में कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह माराडोना के साथ एक समारोह में काफी खुश दिखाई दे रहे हैं। मेसी ने अपने संदेश में लिखा, अर्जेटीना के सभी लोगों और फुटबाल के लिए बहुत ही दुखद: दिन। वह हमें छोड़कर चले गए लेकिन वह ज्यादा दूर नहीं जा सकते क्योंकि डिएगो अमर हैं। मैं उस महान इंसान के साथ बिताए गए सभी अच्छे पलों को याद करते हुए उनके परिजनों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि।”

लिवरपूल और मैनचेस्टर यूनाइटेड ने माराडोना के निधन पर किया शोक व्यक्त

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर और दुनिया के महानतन फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार डिएगो माराडोना के निधन के बाद फुटबॉल क्लब लिवरपूल और मैनचेस्टर यूनाइटेड ने शोक व्यक्त किया है। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) विजेता लिवरपूल ने माराडोना की फोटो ट्वीट करते हुए लिखा, “खेल के महान खिलाड़ी। भगवान आपकी आत्म को शांति दे डिएगो माराडोना। “

ईपीएल के एक और क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड ने कहा, “फुटबाल ने अपना एक महान आइकन खो दिया। भगवान आपकी आत्म को शांति दे माराडोना।” ईपीएल ने भी ट्वीट कर माराडोना के निधन पर दुख जताते हुए लिखा है, “महान फुटबाल खिलाड़ी डिएगो माराडोना के निधन की खबर सुनकर हम काफी दुखी हैं। वह एक बेहतरीन प्रतिभा के धनी फुटबाल खिलाड़ी थे जिन्होंने खेल को बदला।”

सचिन,गांगुली सहित भारतीय खेल जगत ने माराडोना के निधन पर किया शोक व्यक्त

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर डिएगो माराडोना के निधन पर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर सहित भारतीय खेल जगत ने शोक व्यक्त किया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ट्वीट किया,‘‘मेरा हीरो नहीं रहा। मेरे पसंदीदा खिलाड़ी को श्रद्धांजलि। मैं आपके लिये फुटबॉल देखता था।’’ गांगुली ने 2017 में कोलकाता में माराडोना के साथ एक चैरिटी मैच भी खेला था।

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया,”फुटबॉल और विश्व खेल जगत ने आज महानतम खिलाड़ियों में से एक खो दिया है, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। डिएगो माराडोना आपकी कमी हमेशा खलेगी।’’ भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने ट्वीट किया ,‘‘अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना फुटबॉल के मैदान पर एक जादूगर की तरह थे। फुटबॉल ने आज एक नगीना खो दिया।उनका नाम फुटबॉल के इतिहास में हमेशा के लिये दर्ज रहेगा।’’

पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा,‘‘ खेल के महानायकों में एक एक डिएगो माराडोना का निधन। खेल जगत के लिये दुखद दिन. उनके परिवार , दोस्तों और हितैषियों के प्रति संवेदना।’’ भारत के पूर्व हॉकी कप्तान वीरेन रासकिन्हा ने लिखा,‘‘ तमाम यादों और पागलपन के लिये धन्यवाद।’’ भारत के पूर्व फुटबॉलर आई एम विजयन ने लिखा,‘‘ फुटबॉल के भगवान , भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने माराडोना के निधन पर किया शोक व्यक्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना का निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया,”डिएगो माराडोना फुटबॉल के एक उस्ताद थे, जिन्होंने वैश्विक लोकप्रियता का आनंद लिया। अपने पूरे करियर के दौरान, उन्होंने हमें फुटबॉल के मैदान पर कुछ बेहतरीन खेल के क्षण दिए। उनके असामयिक निधन ने हम सभी को दुखी किया है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

माराडोना जैसे फुटबॉलर दोबारा जन्म नहीं लेते : किरेन रिजिजू

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जैसे फुटबॉलर दोबारा जन्म नहीं लेते। माराडोना का 60 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने से बुधवार को निधन हो गया। नवंबर के शुरू में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिजिजू ने कहा कि वह बेहद भाग्यशाली हैं कि उन्होंने ‘माराडोना’ का जीवंत जादू देखा है।

रिजिजू ने ट्वीट किया,”कोई दूसरा माराडोना फिर से पैदा नहीं होगा। वह फुटबॉल के पहले ऐसे सुपरस्टार हैं,जिन्हें हमने टेलीविज़न पर खेलते हुए लाइव देखा था। मैं महान पेले का लाइव गेम नहीं देख सका, लेकिन मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैंने माराडोना का लाइव जादू देखा! श्रद्धांजलि “गॉड ऑफ़ फ़ुटबॉल”।” (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

फिल्म जलीकट्टू पहुंची ऑस्कर में, क्या खास है फिल्म में

Thu Nov 26 , 2020
नई दिल्ली। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री को ऑस्कर में प्रतिनिधित्व करने के लिए अभी तक केवल 2 अवसर मिले हैं जबकि यह जलीकट्टू इसके लिए तीसरा अवसर होने जा रहा है। साल 1997 में राजीव अंचल द्वारा निर्देशित फिल्म गुरु जिसमें मुख्य भूमिका मोहनलाल ने निभाई थी ऑस्कर के लिए चुनी गई पहली मलयालम फिल्म थी। […]