
इंदौर। लसूडिय़ा मोरी क्षेत्र में तालाब की जमीन पर बनी 15 से ज्यादा दुकानों को निगम का रिमूवल अमला आज ढहाएगा। इसके लिए कल ही संबंधितों को निगम ने नोटिस थमा दिए और दुकानें खाली करने को कहा था। अफसरों का कहना है कि तालाब की जमीन पर दुकानों के साथ-साथ कई कब्जे कर लिए गए हैं, जिन्हें भी हटाया जाएगा।
पिछले दिनों नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने अफसरों को तालाबों के आसपास से और उसकी जमीन से कब्जे हटाने को कहा था, ताकि तालाबों का संरक्षण हो सके। इसके साथ ही उसकी चैनलें क्लीयर कराने को कहा गया था। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक इसी के चलते पीपल्यापाला और कैट रोड के आसपास के कई हिस्सों में तालाब की चैनलों और हिस्सों पर किए गए कब्जे बड़े पैमाने पर हटाए गए थे।
आज नगर निगम की रिमूवल टीम पुलिस बल लेकर लसूडिय़ा मोरी क्षेत्र में तालाब की जमीन पर हुए कब्जों के साथ-साथ वहां बनाई गई 15 से ज्यादा दुकानें ढहाने की कार्रवाई करेगी। कल संबंधित झोन से कब्जेधारियों को नोटिस दिए गए और साथ ही उन्हें सामान हटाने को कहा गया। अधिकारियों के मुताबिक वहां दुकानें और कब्जे हटाने के दौरान विवाद की आशंका है, जिसके चलते संबंधित थाने से पुलिस बल के साथ-साथ महिला पुलिस बल भी मांगा गया है। कार्रवाई के दौरान कई बड़े अधिकारी रहेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved