उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

देवी मंदिरों की सड़कें खराब..नगर निगम कल करेगा मरम्मत और पेंचवर्क

  • 15 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू-लोग करेंगे विशेष अनुष्ठान
  • घट स्थापना के साथ होगा माता पूजन मंदिरों की रंगाई पुताई का काम शुरू

उज्जैन। नवरात्रि शुरु होने में मात्र दो दिन का समय बचा है और नगर निगम द्वारा अभी तक सड़कों को ठीक नहीं किया गया है। निगम अधिकारी कह रहे हैं कि मार्गों को कल से ठीक करेंगे। नवरात्रि के दौरान शहर के नगरकोट, हरसिद्धि और गढ़कालिका माता मंदिर तथा चामुंडा माता मंदिर पर सबसे अधिक भीड़ दर्शनार्थियों की रहती है। इस बार नवरात्रि आचार संहिता के दौरान आ रही है, इसलिए मंदिरों के आसपास निर्माण एवं अन्य कार्य तेजी से नहीं हो पा रहे हैं। गढ़कालिका माता मंदिर की बात करें तो यहाँ पहुँचने वाली सड़क जो पीपलीनाका चौराहे से गढ़कालिका जाती है उस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पूरी सड़क खराब पड़ी हुई है। इस सड़क को बनाने के लिए पार्षद हेमंत गेहलोत ने निगम आयुक्त को पत्र लिखा था और उसके बाद इस सड़क के टेंडर नहीं खुले और अब आचार संहिता में टेंडर खोलने के लिए निर्वाचन आयोग की अनुमति लेना पड़ती है, इसलिए इस सड़क पर निगम आयुक्त ने पेंचवर्क के आदेश दिए हैं।


ऐसा बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में यहाँ पेंचवर्क शुरू हो जाएगा। इसके अलावा हरसिद्धि माता मंदिर में साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का दौर चल रहा है, वहीं शहर के बीचों-बीच स्थित सती द्वार पर माता का मंदिर है। इस सती द्वार में भी पुताई की जा रही है। चामुंडा माता मंदिर में भी पूरे मंदिर की साफ-सफाई और पुताई का काम चल रहा है। नगरकोट जाने वाले प्रमुख मार्ग फाजलपुरा के रोड पर चिकन और मटन की दुकान है। नवरात्रि में इन दुकानों को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। दर्शनार्थी जब यहाँ से गुजरते हैं तो बदबू आती है। इसके अलावा मछली मार्केट के भी कुछ दुकानदार इसी सड़क पर बैठते हैं। नवरात्रि में माता मंदिर के सड़क पर जाने वाले इस मार्ग पर इन दुकानदारों को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। इसके अलावा शहर में वाघेश्वरी माता मंदिर पर भी गुफा बनाई जाती है। यहाँ पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रविवार से नवरात्रि शुरू हो रही है और प्रशासन ने अभी तक यहाँ विशेष व्यवस्था शुरू नहीं की है। इसके अलावा कई मंदिर जाने वाले मार्गों पर लाइट भी बंद रहती है। इनका भी सुधार कार्य किया जाना चाहिए।

Share:

Next Post

2023 में खुदकुशी के 8 मामले, 15 की डूबने से हुई मौत, शिप्रा नदी पर नहीं है सुरक्षा के इंतजाम

Fri Oct 13 , 2023
शिप्रा के घाट सुसाइट पाइंट में हो रहे तब्दील..बाहर के लोग यहाँ आकर जान दे रहे हैं 500 से ज्यादा लोगों को रामघाट पर मौजूद जवानों ने डूबने से बचाया उज्जैन। शिप्रा नदी के रामघाट क्षेत्र में गोताखोर और निगरानी के लिए कर्मचारी रहते हैं लेकिन बड़े पुल और शिप्रा के अन्य घाटों पर न […]