ब्‍लॉगर

वैज्ञानिक कालगणना और भारतीय अध्यात्म

– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

भारतीय नव वर्ष का शुभारंभ प्रकृति की नवचेतना के साथ होता है। वृक्ष नए रूप में पल्लवित होते है। प्रकृति सर्वत्र उत्साह का संचार करती है। मां दुर्गा की उपासना से माहौल भक्तिमय हो जाता है। दुनिया की सर्वाधिक प्राचीन व वैज्ञानिक कालगणना का आविष्कार भारत में हुआ था। इसमें समय के न्यूनतम अंश का भी समावेश है। प्रलय के बाद भी यह कालगणना निरन्तर जारी रहेगी। प्रासंगिक रहेगी। इसके नववर्ष में प्रकृति भी नए रूप में परिलक्षित होती है। यह संधिकाल आध्यात्मिक ऊर्जा को प्राप्त करने का अवसर होता है। इसमें पाश्चात्य नववर्ष की तरह देररात का हंगामा नहीं होता। भारतीय कालगणना में परमाणु से लेकर कल्प तक का विचार है। इसलिए यह पूर्णतया वैज्ञानिक है। भारतीय नववर्ष का प्रथम दिन अपने में व्यापक संदेश देने वाला होता है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही पृथ्वी माता का प्रादुर्भाव हुआ। इसी के साथ ब्रह्मा जी ने कालगणना का श्रीगणेश किया। नवरात्रि का प्रथम दिवस मत्स्यावतार, प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक, धर्मराज युधिष्ठिर का राज्य तिलक इसी दिन हुआ था। यह सभी अवसर भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाने वाले है। पृथ्वी के प्रादुर्भाव के एक अरब सत्तानबे करोड़ उनतीस लाख उनचास हजार एक सौ बाइस वर्ष हो चुके हैं। इस अवधि में एक पल का भी अंतर नहीं हुआ है। यह भारतीय वैज्ञानिक कालगणना कि विशेषता है। इसकी बराबरी के विषय में दुनिया की अन्य कालगणना कल्पना भी नहीं कर सकती। ईसा पूर्व और ईसा बाद का प्रचलन तथ्य परक नहीं है। प्राचीन भारत के गुरुकुल अनुसंधान के केंद्र हुआ करते थे।

कालगणना में क्रमशः प्रहर, दिन-रात, पक्ष, अयन,संवत्सर, दिव्यवर्ष,मन्वन्तर, युग, कल्प और ब्रह्मा की गणना की जाती है। हमारे ऋषियों ने चक्रीय अवधारणा का सुंदर वर्णन किया है। काल को कल्प और मन्वन्तर युग में विभाजित किया गया है। इसमें चार युग -सतयुग, त्रेता, द्वापर और कलियुग हैं। इनकी चक्रीय व्यवस्था है। अर्थात ये शाश्वत रूप से आते-जाते हैं। इसकी पुनरावृत्ति होती रहती है। इसके अनुरूप इस समय ब्रह्मा की आयु के दूसरे खंड में, श्वेतावाराह कल्प में, वैवस्वत मन्वन्तर में 20वां कलियुग चल रहा है। इस कलियुग की समाप्ति के पश्चात चक्रीय नियम में पुनः सतयुग आएगा। वस्तुतः यह अवधारणा ही प्राकृतिक है। इसमें पिंड व ब्रह्मांड का भी विचार है। अंतर व बाह्य चेतना परम सत्ता से संबंधित है।


भारतीय कालगणना आधुनिक खगोल विज्ञान के लिए भी चमत्कार से कम नहीं। यह इसलिए कि इसका आविष्कार उस समय हुआ था जब दुनिया में अन्यत्र मानव सभ्यता नहीं थी। इस काल का आकलन ईसा पूर्व जैसी परिधि में संभव ही नहीं है। यह कालगणना पृथ्वी के प्रादुर्भाव से प्रारंभ होती है। यह शाश्वत है। चारों युग समाप्त होंगे। नए युगों का चक्र प्रारंभ होगा, लेकिन यह कालगणना तब भी इसी गति से चलती रहेगी। इसमें एक पल का भी अंतर नहीं आएगा। इसके लिए प्रकृति की समझना होगा। प्रकृति के निकट जाना पड़ेगा। जीवनशैली में उसी के अनुरूप परिवर्तन करना होगा। कर्म और प्रारब्ध या भाग्य का यह अविनाशी चक्र निरंतर चलता रहता है। अपने विचारों में परिवर्तन कर श्रेष्ठ कर्म करना चाहिए।

नव वर्ष का शुभारंभ नवदुर्गा से होना भी विलक्षण है। यह आध्यात्मिक चेतना का अवसर है। नवरात्रि शक्ति आराधना का आध्यात्मिक पर्व है। इस समय प्रकृति में विविध रंग होते है। मां दुर्गा के इस पावन पर्व में रंगों का बहुत अधिक महत्व होता है। नवरात्रि में नौ दिन दुर्गा मां के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। प्रथम दुर्गा शैलपुत्री माता हैं। वह पर्वतराज हिमालय के घर में जन्मी थीं। इसके कारण इनका नाम शैलपुत्री पड़ा। शैलपुत्री माता की पूजा के दौरान पीले रंग वस्त्रों का महत्व है। दूसरी माता ब्रह्माचारिणी हैं।

ब्रह्माचारिणी माता की पूजा नवरात्रि के दूसरे दिन की जाती है। इस दिन हरे रंग के वस्त्र ठीक रहते है। मां दुर्गा की तीसरी शक्ति चंद्रघंटा है। नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। चंद्रघंटा माता की पूजा के दौरान स्लेटी रंग का विधान है। मां दुर्गा की चौथी शक्ति कुष्मांडा माता हैं। कुष्मांडा माता के आठ भुजाएं हैं। नवरात्रि के चौथे दिन कुष्मांडा मां की पूजा की जाती है। इस दिन नारंगी रंग के वस्त्र धारण करना शुभ होता है। मान्यता है कि मां कुष्मांडा को नारंगी रंग प्रिय है।

पांचवीं शक्ति स्कंदमाता माता हैं। स्कंदमाता अपने भक्तों की इच्छाओं की पूर्ति करती हैं। इस दिन सफेद रंग के वस्त्र शुभ होते हैं। माता कात्यायनी को अमरकोष में पार्वती का दूसरा नाम बताया गया है। नवरात्रि के छठे दिन कात्यायनी माता की पूजा की जाती है। कात्यायनी और दुर्गा माता दोनों को लाल रंग काफी प्रिय है।

कालरात्रि माता दुर्गा माता की सातवीं शक्ति है। कालरात्रि माता को काली, महाकाली, भद्रकाली, भैरवी, रुद्रानी, चामुंडा, चंडी और दुर्गा के कई विनाशकारी रूपों में से एक माना जाता है। देवी के इन रूपों से सभी राक्षस भूत, प्रेत, पिशाच और नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। इनकी पूजा के समय नीले वस्त्र धारण करने चाहिए। महागौरी मां दुर्गा की आठवीं शक्ति है। नवरात्रि के आठवें दिन महागौरी माता की पूजा की जाती है। इनको गुलाबी रंग प्रिय है। सिद्धिदात्री माता मां दुर्गा की नौवीं और अंतिम शक्ति हैं। नवरात्रि के आखिरी दिन सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस दिन बैंगनी वस्त्रों को शुभ माना जाता है। यह प्रकृति के निकट होने का मनोवैज्ञानिक संदेश है।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

Share:

Next Post

शहीद दिवसः भूल न जाना भगत सिंह के साथियों को

Thu Mar 23 , 2023
– आर.के. सिन्हा कौन सा हिन्दुस्तानी होगा जिसके मन में शहीद भगत सिंह को लेकर गहरी श्रद्धा का भाव नहीं होगा। होगा भी क्यों नहीं। आखिर वे क्रांतिकारी, चिंतक और आदर्शों से लबरेज मनुष्य थे। उनसे अब भी भारत के करोड़ों नौजवान प्रेरणा पाते हैं। पर यह भी जरूरी है कि देश भगत सिंह के […]