
इन्दौर। प्रशासन और नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ आज सुबह-सुबह खजराना के पटेल नगर में कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन और पहले से बने सात मकानों को ढहाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को लेकर कई लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें हटा दिया और कार्रवाई शुरू कर दी।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक खजराना के पटेल नगर क्षेत्र में कई मकान अवैध रूप से बनाए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिस पर वहां छानबीन के बाद पता चला कि सीलिंग की जमीन पर लोगों द्वारा अवैध रूप से मकान बनाए जा रहे हैं। इनमें से चार मकान पूरी तरह बनकर तैयार थे और तीन मकान निर्माणाधीन थे। प्रशासन के अफसरों के साथ-साथ निगम अफसरों की टीम पुलिस बल लेकर आज सुबह वहां पहुंची तो टीम को देखते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया।
दो दिन पहले ही संबंधितों को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी कर दिए गए थे। कई जेसीबी की मदद से जब कार्रवाई शुरू की गई तो लोगो ने विरोध और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस बल ने उन्हें वहां से हाटकर निगम की रिमूवल टीम से कार्रवाई शुरू कराई। अधिकारियों के मुताबिक वहां सीलिंग की जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाए गए थे और कई का निर्माण भी चल रहा था। पूर्व में भी पटेल नगर और खजराना क्षेत्र की कई कालोनियों में प्रशासन और निगम की टीमों ने कई मकान गत वर्ष भी ढहाए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved