भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

पार्टी से बाहर नहीं होंगे शेजवार और सिकरवार!

  • शोकॉज नोटिस का भिजवाया जवाब

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू होते ही प्रदेश भाजपा ने भितरघात करने वाले नेताओं को नोटिस थमाया था। प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के निर्देश पर पार्टी ने पूर्व मंत्री गौरीशंकर शेजवार एवं उनके बेटे मुदित शेजवार, पूर्व विधायक गजराज सिंह सिकरवार एवं उनके बेटे पूर्व विधायक नीटू सिकरवार को शोकॉज नोटिस भेजा था। सभी ने नोटिस का जवाब दे दिया है। खबर है कि पार्टी ने किसी भी नेता को पार्टी से फिलहाल बाहर करने का फैसला नहीं किया है। इसके पीछे की वजह उपचुनाव में भाजपा को जीत मिलना है। भाजपा ने पूर्व मंत्री गौरीशंकर शेजवार और उनके बेटे मुदित शेजवार पर ये कार्रवाई उपचुनाव के मतदान के अगले ही दिन पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते शोकॉज नोटिस थमाया था। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को स्पष्टीकरण भेज दिया। शेजवार पर आरोप थे कि उन्होंने सांची विधानसभा सीट पर प्रत्याशी प्रभू राम चौधरी के खिलाफ काम किया था। लेकिन उपचुनाव के नतीजों में चौधरी को प्रदेश में सबसे बड़ी जीत मिली थी।

मतदान से पहले थी निष्कासन की तैयारी
मप्र भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने शेजवार और उनके बेटे को विधानसभा उपचुनाव से पहले निष्कासन की तैयारी कर ली थी। लेकिन बाद में उन्हें चुनाव के बाद नोटिस भेजा। प्रदेश मुख्यालय तलब करने के बाद वे मतदान से एक हफ्ते पहले तक पार्टी के प्रचार में नहीं निकले थे। शेजवार शुरू से ही पार्टी के निशाने पर थे। यही वजह है कि उपचुनाव के लिए मतदान से पहले ही उन्हें निष्कासित करने की तैयारी थी, लेकिन मतदान की वजह से पार्टी ने इस फैसले को टाल दिया था। हालांकि मतदान से पहले शेजवार एवं उनके बेटे पर कार्रवाई को लेकर एक पत्र भी वायरल हुआ था, इस पत्र को मप्र भाजपा ने फर्जी करार दिया था। जिस तरह से भाजपा ने शेजवार पर कार्रवाई की है, उससे यह तय हो गया है कि भाजपा ने शेजवार को पहले ही बाहर करने की तैयारी कर ली थी।

इन पर भी फिलहाल कार्रवाई नहीं
भाजपा ने ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी सतीश सिकरवार के पिता व पूर्व विधायक गजराज सिंह सिकरवार और उनके बेटे सत्यपाल सिकरवार को भी दिया कारण बताओ नोटिस भेजा है। उन्हें भाजपा की तरफ से अनूपपुर और मंधाता सीट पर प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी। वह दोनों ही चुनाव प्रचार के लिए नहीं निकले थे। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता माना है। सिकरवार के बेटे सतीश सिकरवार ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। वे उपचुनाव भी जीत गए। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल भाजपा सत्यपाल सिकरवार और उनके पिता गजराज पर निष्कासन की कार्रवाई नहीं करेगी।

Share:

Next Post

दहेज में मांगे पांच लाख रुपए, नहीं मिले तो मंडप छोड़कर भागा दूल्हा

Sat Nov 28 , 2020
पहले ले चुका था दो लाख कैश, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर भोपाल। दहेज लोभी लोग अब भी पैसों की खातिर लड़कियों व उनके परिवार के लोगों को परेशान करने से बाज नहीं आ रहे है। ऐसा ही एक मामला गोविंदपुरा थानाक्षेत्र के नटराज कम्युनिटी हॉल में सामने आया है। कन्या पक्ष के लोगों ने […]