बड़ी खबर

देश में अब तक 11.50 लाख कोरोना मरीज, आज फिर मिले 37 हजार

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस विकराल होता जा रहा है। देश में अब कोरोना मरीजों की संख्या 11.55 लाख हो चुकी है। अब तो रोज तकरीबन 35-40 हजार केस आने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में 37140 मरीज मिले। इसके पहले रविवार को रिकॉर्ड 40 हजार 425 और 18 जुलाई को 37 हजार 407 मरीज मिले थे. एक दिन में 587 मरीजों की मौत भी हुई है. कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 28 हजार के पार हो गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा अपडेट के मुताबिक, कोरोना के अभी 4 लाख 2 हजार 529 एक्टिव केस हैं। इस वायरस से अब तक 28 हजार 84 लोगों की जान जा चुकी है। राहत की बात ये है कि 7 लाख 24 हजार 577 मरीज रिकवर हो चुके हैं। देश के कुल केस में 1.23 लाख केस अकेले दिल्ली में हैं। दिल्ली देश में सबसे अधिक केस के मामले में तीसरे और मौत के मामले में दूसरे नंबर पर है। सबसे अधिक केस महाराष्ट्र (3.18 लाख) में हैं। तमिलनाडु 1.75 लाख केस के साथ दूसरे नंबर पर है।
महाराष्ट्र में हालात खतरनाक
कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। सोमवार को राज्य में कोरोना के 8240 नए मामले सामने आए। 176 लोगों की मौतें हुई है। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 3,18,695 हो गई है। इनमें 1,75,029 रिकवर मामले और 1,31,334 सक्रिय मामले शामिल हैं। मुंबई में कोरोना के 1043 नए मामले सामने आए, 965 डिस्चार्ज और 41 मौतें दर्ज की गईं। 23865 सक्रिय मामलों, 72,650 डिस्चार्ज और 5752 मौतों सहित मामलों की कुल संख्या 1,02,267 है।
दिल्ली में अब कम आ रहे हैं केस
राष्ट्रीय राजधानी में केस लगातार घट रहे हैं. दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 954 केस आए हैं। करीब 50 दिन के बाद यह पहला मौका है, जब राष्ट्रीय राजधानी में एक हजार से कम केस आए हैं। खास बात यह कि दिल्ली में रोजाना तकरीबन 10 हजार या इससे अधिक टेस्ट हो रहे हैं।
उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश में सोमवार को मरीजों का आंकड़ा 50 हजार के पार हो गया। यूपी में पिछले 24 घंटे में 1,913 नए मरीज मिले। यहां संक्रमितों की संख्या अब 51,160 हो गई है। वहीं, आंध्र प्रदेश में सोमवार को 4,074 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई। यहां अब तक 53,724 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने सोमवार को कहा कि इटली, स्पेन और अमेरिका की तुलना में मत्युदर दर काफी कम हैं. कुछ इलाकों में कोरोना पीक पर पहुंचा है। दिल्ली में भी ऐसा लग रहा है, क्योंकि मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (3,896,855), ब्राजील (2,099,896) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में दूसरे नंबर पर बनी हुई है।

Share:

Next Post

अनुपम की मां दुलारी खेर ने दी कोरोना को मात

Tue Jul 21 , 2020
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी मां दुलारी खेर के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी है। अनुपम खेर ने वीडियो शेयर कर कहा है कि उनकी मां अब ठीक हैं और वह घर आ सकती हैं। वीडियो में अनुपम खेर कह रहे हैं कि कोकिलाबेन के डॉक्टर्स ने उनकी मां को स्वस्थ बताया है। […]