जीवनशैली स्‍वास्‍थ्‍य

हर महिला के आहार में जरूर होने चाहिए ये पोषक तत्व, कई बीमारियों से मिलेगी सुरक्षा


नई दिल्ली। शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए रोजाना आहार में उन चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए जिनसे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जरूरत को आसानी से पूरा किया जा सके। महिलाओं के लिए आहार की पौष्टिकता पर ध्यान देना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। अध्ययनों में पाया गया है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं में कई प्रकार के विटामिन्स और खनिजों की कमी होने की मामले अधिक देखे जाते रहे हैं। विशेषकर भारतीय महिलाओं में आयरन और प्रोटीन की कमी वर्षों से बड़ी समस्या रही है। इससे शरीर में कई प्रकार की बीमारियों के विकसित होने का खतरा बढ़ जाता है।

यह नेशनल न्यूट्रिशन वीक है, इसका उद्देश्य संतुलित आहार की आवश्यकताओं के बारे में लोगों को जागरूक करना है। एक अध्ययन से पता चलता है कि देश में 50 फीसदी से भी अधिक महिलाओं को एनीमिया की समस्या रहती है। खून की कमी के कारण कई प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के विकसित होने का खतरा होता है। इसके लिए मुख्यरूप से आहार में आयरन की कमी को जिम्मेदार माना जाता है। आयरन के अलावा आइए जानते हैं कि महिलाओं में और किन पोषक तत्वों की कमी अधिक देखी जाती है और उन्हें आहार में किन विटामिन्स को जरूर शामिल करना चाहिए?

आयरन वाली चीजों का सेवन
आहार विशेषज्ञों के मुताबिक सभी महिलाओं को रोजाना भोजन में उन चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए जिनसे शरीर के लिए आवश्यक आयरन की मात्रा की पूर्ति की जा सके। यह स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो ऊर्जा के स्तर में सुधार करने, प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देने और मांसपेशियों के कार्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। यह शरीर में ऑक्सीजन के संतुलन को भी बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक है। आयरन के लिए मांस, मछली, पालक, डेयरी उत्पादों का सेवन फायदेमंद है।


विटामिन बी-12 वाली चीजें
विटामिन बी-12, सभी महिलाओं के लिए अति आवश्यक है। यह मस्तिष्क के कार्य को बेहतर बनाए रखने के साथ ऊर्जा के स्तर और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने के लिए भी आवश्यक है। यह रक्त कोशिकाओं के निर्माण और तंत्रिका तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने वाला पोषक तत्व है। अक्सर महिलाओं में विटामिन बी-12 की कमी देखी जाती रही है। विटामिन बी-12 की पूर्ति के लिए पालक, चुकंदर, आलू, मशरूम, मांस, मछली आदि का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।

प्रोटीन की आवश्यकता
प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों को मजबूती देने और कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने वाला माना जाता है। प्रोटीन, शरीर के लिए महत्वपूर्ण ऊर्जा स्रोत है। पर्याप्त प्रोटीन का सेवन महिलाओं में दिल के दौरे और कोरोनरी रोगों के जोखिम को कम कर सकता है। दैनिक रूप से आहार में प्रोटीन वाली चीजों को जरूर शामिल करें। इसके लिए दूध, दही, अंडे, सोयाबीन, मूंगफली, चिकन आदि का सेवन किया जा सकता है।

कैल्शियम बहुत जरूरी
कैल्शियम महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों में से एक है। यह हड्डियों को स्वस्थ रखने और गठिया के खतरे को कम करने में मदद करता है। महिलाओं में गठिया की समस्या काफी अधिक देखी गई है। इसके अलावा हृदय स्वास्थ्य को बेहतर रखने और तंत्रिका तंत्र की कार्यप्रणाली को ठीक रखने में भी कैल्शियम वाली चीजों का सेवन करना जरूरी है। कैल्शियम के लिए दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद, सोयाबीन, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करना आवश्यक माना जाता है।

Share:

Next Post

महाराष्‍ट्र में एकनाथ शिंदे गुट में सुगबुगाहट, घर वापसी कर सकते हैं विधायक!

Sat Sep 3 , 2022
मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना (Shiv Sena in Maharashtra) के बागी विधायकों ने जिस तरह एकनाथ शिंदे को अपना समर्थन देकर सरकार बनाई उसी तरह अब एक बार फिर ऐसी अटकले लगाई जा रही है बागी विधायक (rebel MLA) फिर घर वापसी कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक शिवसेना से बगावत करके महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री (Chief […]