व्‍यापार

अचानक छंटनी से हताश ट्विटर इंडिया के कर्मचारी, कार्रवाई को बताया ‘अपमानजनक’

मुंबई। ट्विटर की डोर अरबपति कारोबारी एलन मस्क के हाथों में आते ही एक सप्ताह के भीतर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी कर दी गई। इसके साथ ही ट्विटर इंडिया में भी कर्मचारियों की छंटाई शुरू हो गई। अचानक नौकरी से निकाले जाने पर ट्विटर इंडिया के कर्मचारियों ने कहा कि अपमान और अनिश्चितता उनकी मौजूदा स्थिति को बताने के लिए सही शब्द हैं।

ट्विटर के एक पूर्व कर्मचारी ने कहा कि इस छंटनी की शायद कर्मचारियों को पहले से ही अपेक्षा थी। कंपनी के कई कर्मचारियों को शुक्रवार को संदेश मिला। जिसमें कहा गया था कि कर्मचारी ट्विटर द्वारा नियोजित रहेंगे और 4 जनवरी 2023 तक मुआवजा और लाभ प्राप्त करते रहेंगे।

इसमें आगे कहा गया, आपको कंपनी से हटाए जाने को लेकर प्रस्ताव का विवरण और गैर कार्य नोटिस अवधि से पूरे वित्तीय ब्योरे की जानकारी एक सप्ताह के भीतर मिल जाएगी। उस समय आपको कंपनी से अलग होने को लेकर समझौता और अन्य जानकारी भी प्राप्त होगी। इसमें आपकी ट्विटर सामग्री (कंप्यूटर, बैज आदि) को कैसे वापस किया जाए, यह शामिल होगा।

हालांकि, ट्विटर से कितने कर्मचारी निकाले गए इसकी आधिकारी संख्या नहीं है। लेकिन कुछ कर्मचारियों द्वारा देखे गए आंकड़ों के मुताबिक, ट्विटर इंडिया में करीब ढाई सौ लोगों की एक टीम में से 160 से ज्यादा को नौकरी से निकाल दिया गया है। कुछ कर्मचारियों ने दावा किया कि उन्हें अभी तक अपनी नौकरी की स्थिति के बारे में ट्विटर की ओर से कोई सूचना नहीं मिली है।


ट्विटर के एक कर्मचारी ने कहा, कुछ कर्मचारियों को कोई ईमेल नहीं मिला है। पिछले ईमेल में बताया गया था कि जिन लोगों को रखा गया है, उन्हें उनकी भूमिका के बारे में सूचित किया जाएगा। कंपनी के कई कर्मचारियों ने छंटनी को कठोर और अपमानजनक बताया। हालांकि, उन्होंने कंपनी में पहले के काम करने के माहौल के लिए कंपनी की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पुराने ट्विटर की संस्कृति का हिस्सा होने के नाते बहुत कुछ ऐसा है, जिसे आगे भी याद किया जाएगा। एक दूसरे कर्मचारी ने कहा, ट्विटर ने कर्मचारियों को कहीं से भी काम करने का विकल्प दिया था। साथ ही कर्मचारियों को संवाद करने और कंपनी के लिए जो कुछ भी उन्हें लगता है, करने की आजादी दी थी।

ट्विटर में काम का जो माहौल और संस्कृति थी, वह कहीं और मिलना मुश्किल है। हम नहीं जानते कि अब हमारा भविष्य क्या है। एक अन्य कर्मचारी ने बताया कि उनसे हाल ही में कंपनी को जॉइन किया था। अचानक नौकरी से निकाले जाने से करियर को झटका लगा है। कर्मचारी ने इस कार्रवाई को बहुत अपमानजनक बताया।

Share:

Next Post

काशी में देव दीवाली के जश्न में खलल, उमड़ी भीड़, पुल की रैलिंग टूटी, कई घायल

Tue Nov 8 , 2022
वाराणसी। कल देव दिवाली के जश्न के दौरान वाराणसी (Varanasi) में बड़ा हादसा हो गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। देव दिवाली (Dev Diwali) के जश्न में शामिल होने के लिए काशी में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के दबाव के चलते पुल की रैलिंग टूट गई, जिससे कई लोग घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल […]