ब्‍लॉगर

शुभदीप की जिंदगी का अशुभ रविवार

– कुसुम चोपड़ा

शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला की जिंदगी के लिए रविवार का दिन बेहद अशुभ साबित हुआ। मूसेवाला का सिर्फ 29 साल की उम्र में यूं असमय चले जाना पंजाबी संगीत जगत के लिए बहुत बड़ा झटका है।

रविवार को शुभदीप सिंह ने घर से निकलते समय दूर-दूर तक भी सोचा नहीं होगा कि अब वे कभी भी अपने घर जिंदा वापस नहीं आ पाएंगे। अपने एक रिश्तेदार के घर से लौट रहे सिद्धू पर कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी बात यह है कि एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा में कटौती की थी। यूं तो मूसेवाला का हमेशा से ही विवादों से गहरा नाता रहा है, लेकिन फिर भी अपने गीतों की वजह से वह देश के साथ-साथ विदेशों में भी बेहद लोकप्रिय थे। सोशल मीडिया पर भी उनकी लंबी चौड़ी फैन फॉलोइंग है।

कैसे हुई हत्या
गोलीबारी में घायल हुए मूसेवाला के साथी गुरविंदर सिंह ने बताया है कि सिद्धू मूसेवाला रविवार को अपनी बीमार मौसी से मिलने के लिए अपने गांव मूसा वाला से निकले थे। उन्होंने बताया कि गाड़ी में पांच लोगों के बैठने की जगह नहीं थी, इसलिए वे अपने सुरक्षा गार्डों को साथ नहीं ले गए। वापसी में जैसे ही वे मानसा के गांव जवाहरके के पास पहुंचे, तो उनकी गाड़ी के पीछे से कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक के बाद कई गोलियां उनके शरीर में घुस गईं और वे निढाल होकर स्टेयरिंग पर लुढ़क गए। हमलावरों के जाने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विवादों से रहा गहरा नाता
मूसेवाला मानसा जिले के मूसा गांव के रहने वाले हैं। उनकी मां गांव की प्रधान हैं जबकि उनके पिता रिटायर्ड फौजी हैं। सिद्धू मूसेवाला के परिवार को लेकर बेशक कभी कोई विवाद सामने ना आया हो, लेकिन सिद्धू जरूर अपनी छोटी सी जिंदगी में कई बड़े विवादों में घिरे रहे। मुख्य रूप से उन पर गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे।

मई 2020 में मूसेवाला के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिनमें वह पांच पुलिसकर्मी से एके- 47 और निजी पिस्तौल चलाने की ट्रेनिंग लेते दिखाए दिए। वीडियो वायरल होने के बाद जहां पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, वहीं मूसेवाला पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला भी दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के डर से मूसेवाला काफी दिनों तक अडंरग्राउड रहे। हालांकि, बाद में वे पुलिस जांच में शामिल हो गए और उन्हें जमानत दे दी गई थी।

मूसेवाला को पंजाब पुलिस ने 2020 में शस्त्र अधिनियम के तहत उनके गीत ‘पंज गोलियां’ में कथित तौर पर हिंसा और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गिरफ्तार किया था।

कोविड-19 महामारी के दौरान फायरिंग रेंज पर एके-47 राइफल से फायरिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया था।

दिल्ली सरहद पर लंबे समय तक चले किसानों के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बने सिद्धू को लेकर कई लोगों ने एतराज उठाया था।

18वीं शताब्दी के सिख योद्धा माई भागो की के नाम का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल करके अपने ट्रैक ‘जट्टी जिन्ने मोड़ दी बंदूक वरगी’ में सिखों की भावनाओं को आहत करने को लेकर जमकर विवाद हुआ और उनकी गिरफ्तारी की मांग हुई। हालांकि, विवाद बढ़ता देखकर उन्होंने बाद में माफी मांग ली थी।

6 जून, 2020 को कार पर काले शीशे लगवाने के मामले में सिद्धू मूसेवाला का चालान काटा गया। इस मामले में लुकआउट नोटिस जारी होने के बावजूद उन्हें राहत मिल गई।

जुलाई 2020 में फिल्म संजू की रिलीज के बाद मूसेवाला ने भी एक गाना रिलीज किया, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को संजय दत्त पर लगे आरोपों जैसा बताया। उनके इस बयान पर भी विवाद गरमाया।

मूसेवाला की हत्या जिम्मेदारी लारेंस बिश्नोई गैंग से संबंध रखने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली है। गोल्डी बराड़ ने आरोप लगाया है कि उसके नजदकी विक्की मिट्ठूखेड़ा उसके भाई गुलाब बराड़ की हत्या में सिद्धू मूसेवाला का हाथ था लेकिन वह अपनी ताकत की वजह से बच गया।

मूसेवाला का करियर
अपने गीतों में गन और गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा देने के लिए सिद्धू हमेशा विवादों में रहे लेकिन फिर भी वह छोटी उम्र में ही लोकप्रियता के शिखर पर पहुंच गए। उनके एक-एक गाने के श्रोताओं और दर्शकों की संख्या करोड़ों में है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2017 में “उचियां ने गल्लां तेरे यार दिया” गाने से की थी। इस गाने के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार भी मिला। उनके ज्यादातर गानों ने कैनेडियन बिलबोर्ड हॉट 100 में जगह बनाई।

सिद्धू मूसेवाला ने अपने करियर की शुरुआत लिरिक्स राइटर के तौर पर की थी। उन्होंने अपने करियर में कई प्रसिद्ध कलाकारों के साथ काम किया। कॉलेज के दिनों से ही सिद्धू मूसेवाला की संगीत में रुचि थी।

उन्होंने अपने सिगिंग करियर की शुरुआत जी वैगन नामक गीत से की थी। उन्होंने कई गानों पर फेमस ब्राउन बॉयज़ के साथ भी काम किया। सिद्धू मूसेवाला ने अपने ट्रैक सो हाई (2017) से लोकप्रियता हासिल की। 2018 में, उन्होंने अपना पहला एल्बम पीबीएक्स-1 रिलीज़ किया, जो बिलबोर्ड कैनेडियन एल्बम चार्ट में 66वें स्थान पर था।

2018 में रिलीज़ हुई पीबीएक्स-1 एल्बम का गाना काफी फेमस हुआ। इस गाने ने उन्हें बेहद लोकप्रिय कर दिया।

सो हाई- सिद्धू मूसेवाला के सबसे पसंदीदा गीतों में से एक है। चार मिनट का यह गाना लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। यूट्यूब पर इस गाने को 481 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

बैडफेला- यह गीत टी-सीरीज़ के बैनर तले हरज नागरा द्वारा निर्मित था। यूट्यूब पर इस गाने को 91 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

सेम बीफ- उसी नाम के एक एल्बम का एक हिस्सा है, जिसे 2019 में रिलीज़ किया गया था। बायग बर्ड द्वारा लिखे इस गाने को बोहेमिया और सिद्धू ने गाया था। यूट्यूब पर इसे 394 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है।

जस्ट लिसन- इसे सिद्धू मूसेवाला ने खुद लिखा था। इस गीत को जनवरी 2018 में रिलीज़ किया गया था। अब तक इसे 144 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है।

गायकी के अलावा, उन्होंने पंजाबी फिल्मों में भी काम किया है। ‘मूसा जट्ट’ में मूसेवाला ने भूमिका निभाई थी। उनकी दूसरी फिल्म ‘यस आई एम ए स्टूडेंट’ एक ऐसी कहानी है, जो अंतरराष्ट्रीय छात्रों की दुर्दशा पर को दर्शाती है लेकिन उन्हें कभी भी उम्मीद न खोने के लिए प्रेरित करती है।

मूसेवाला की हत्या के बाद उनका आखिरी गाना ‘द लास्ट राइड’ सुर्खियों में है। गाने का वीडियो बीती 15 मई को ही जारी किया गया था। “ऐदां उट्ठूगा जनाजा बल्लिए” गाने के वीडियो में मूसेवाला के पीछे एक आदमी एक चिता जलाता दिखाई देता है और एक नकाबपोश एक कार में उनका पीछा करता है। मूसेवाला की मौत के बाद से इस गाने को धड़ाधड़ व्यूज मिल रहे हैं और यह यूट्यूब पर दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला गाना बन चुका है।

सिद्धू मूसेवाला बेशक अपनी जिंदगी में कई विवादों में घिरे रहे लेकिन उनके यूं असमय चले जाने से हर कोई गहरे सदमे में हैं। टॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक कोई भी विश्वास नहीं कर पा रहा है कि संगीत की दुनिया के इस चमकते सितारे की चमक यूं अचानक मंद पड़ जाएगी

(लेखक हिन्दुस्थान समाचार की पंजाबी सेवा से सम्बद्ध हैं)

Share:

Next Post

एशिया कप: भारत-मलेशिया के बीच मैच 3-3 से ड्रॉ

Tue May 31 , 2022
नई दिल्ली। भारत (India) ने एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) में अपने उत्साही प्रदर्शन को जारी रखते हुए सुपर 4 मुकाबले (super 4 match) में मलेशिया (Malaysia) के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेला। भारत के लिए विष्णुकांत सिंह, एसवी सुनील, नीलम संजीव जेस ने तीन गोल किए। मैच की शुरुआत मलेशिया ने की और […]