आचंलिक इंदौर न्यूज़ (Indore News)

ड्राइविंग सीट पर संघ, कमान पटेल, नवाथे और राजमोहन ने संभाली

  • संघ हिंदुत्व व राष्ट्रवाद की बात करेगा, भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताएगी
  • मैदान से मिल रहे फीडबैक को संगठन के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा रहा है संघ
  • भाजपा के हर एक्शन पर नजर है संघ के कोर ग्रुप की… वक्ताओं को भी करेंगे प्रशिक्षित

इंदौर। लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अब ड्राइविंग सीट पर आ गया है। संघ के प्रांत प्रचारक बलिराम पटेल, प्रांत कार्यवाह विनीत नवाथे और जल्दी ही प्रांत प्रचारक का दायित्व संभालने वाले राजमोहन ने कमान संभाल ली है। संघ और भाजपा ने इस चुनाव के लिए अपना लाइन ऑफ एक्शन तय कर लिया है। संघ जहां नेशन फस्र्ट के नारे को बुलंद करते हुए हिंदुत्व, राष्ट्रवाद, आंतरिक और बाहरी चुनौतियों सहित कई अन्य गूढ़ विषयों पर मतदाताओं से संवाद करेगा, वहीं भाजपा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा लाड़ली लक्ष्मी-लाड़ली बहना जैसी जनता को सीधा फायदा पहुंचाने वाली योजनाओं पर लोगों से रूबरू होगी।

संघ ने अलग-अलग समूहों में संवाद शुरू कर दिया है। इनकी प्राथमिकता में युवा, महिला, वरिष्ठ नागरिक, प्रबुद्धजन एवं ग्रामीण हैं। इसी पर संघ सारा फोकस कर रहा है। संघ ने 80 लोगों की एक टीम बनाई है, जो इस वर्ग के बीच जाकर बैठक करेगी। उन्हें देश और समाज से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी और यह समझाया जाएगा कि किस तरह वर्तमान सरकार के दौर में भारत अपनी एक अलग पहचान बनाने में सफल हुआ है।

संघ ने इसके लिए व्यापक होमवर्क किया है और विशेषज्ञों के माध्यम से तमाम मुद्दों पर विस्तृत जानकारी जुटाई है। जो पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन बनाया गया है, उसमें हिंदुत्व, राष्ट्रवाद, आंतरिक और बाहरी चुनौतियां, देश का गौरव बढ़ाने वाले काम, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ लोगों से जुड़े हुए, धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में पिछले 10 साल में हुए काम के साथ ही अयोध्या में राम मंदिर, उज्जैन में महाकाल लोक जैसे मुद्दे शामिल किए गए हैं। प्रेजेंटेशन देने वाले वक्ताओं को प्रशिक्षित भी किया गया है। वक्ताओं की सूची में संघ से जुड़े हर वर्ग के लोग शामिल किए गए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।


संघ की इसी कवायद के चलते अब भाजपा की लाइन भी स्पष्ट हो गई है। सरकार और संगठन से जुड़े लोगों से कहा गया है कि वे राज्य और केंद्र सरकार से जुड़े उन तमाम मुद्दों को जनता के बीच ले जाएं, जिनसे उन्हें सीधा फायदा मिला है। इसके लिए 15-20 पॉइंट्स तय किए गए हैं और संगठन के नेटवर्क के माध्यम से इन्हें घर-घर पहुंचाया जाएगा। जिन लोगों को सरकार की योजनाओं का फायदा मिला है, उन्हें भी इसमें माध्यम बनाया जाएगा।

शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूकता अभियान
संघ की तैयारी इस बात को लेकर है कि 1 से 10 मई के बीच अधिक से अधिक मतदान को लेकर मतदाताओं के बीच सघन जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए संघ का शाखा स्तर का जो नेटवर्क है, वह सबसे अहम भूमिका निभाएगा, क्योंकि इन लोगों की अपने क्षेत्र के हर घर तक पहुंच है। इसी तरह बस्तियों में संघ का जो नेटवर्क सक्रिय है, उसके माध्यम से भी शत-प्रतिशत मतदान को लेकर जनजागरण शुरू कर दिया गया है। संघ से जुड़े लोग उन मतदाताओं की भी सूची तैयार कर रहे हैं, जो अभी इंदौर से बाहर हैं। इनसे संपर्क स्थापित कर मतदान के दिन अपने क्षेत्र में ही रहने का आग्रह भी किया जाएगा। यह सूची भी भाजपा के लिए बहुत फायदेमंद साबित होने वाली है।

चुनाव से लोगों की दूरी ने बढ़ा रखी है संघ की चिंता
चुनाव से आम लोग जिस तरह दूरी बनाकर चल रहे हैं और भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मुंह दिखाई की रस्म निभा रहे हैं, उसने संघ की चिंता को बढ़ा रखा है। संघ की एक टीम इस कवायद में भी लगी है कि आखिर इसके कारण क्या हैं। संगठन से नाराज भाजपा का एक बड़ा धड़ा संघ तक अपनी बात पहुंचा चुका है। इन लोगों को भी संघ ने चुनाव में सक्रिय होने के निर्देश दिए हैं। संगठन स्तर पर जो कमियां हैं वह भी समय-समय पर संघ और भाजपा के बीच समन्वय कर रहे लोगों के माध्यम से संगठन तक पहुंचाई जा रही हंै।

Share:

Next Post

दूसरे चरण के मतदान के आंकड़े से इंदौर में भी बढ़ी चिंता

Sat Apr 27 , 2024
संगठन के बड़े नेता भी चिंतित, मतदान को लेकर बनाएंगे रणनीति इंदौर। कल लगातार दूसरे चरण में प्रदेश में मतदान के गिरते प्रतिशत ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। इसको लेकर अब मालवा-निमाड़ की स्थिति का अंदाजा लगाया जा रहा है, विशेषकर इंदौर जैसी बड़ी लोकसभा में। अगर यही स्थिति रही तो भाजपा को […]