
इंदौर। इंदौर की तुकोगंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर करीब 30 लाख रुपये से अधिक कीमत की 14 चोरी की बुलेट बाइक बरामद की गई हैं। आरोपी चोरी की बुलेट मोटरसाइकिलों पर जाली नंबर प्लेट लगाकर पुलिस से बचने की कोशिश करता था।
दरअसल इंदौर की तुकोगंज थाना पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान रेसकोर्स रोड स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कन्हैयालाल निवासी झालावाड़, राजस्थान बताया। जांच के दौरान पुलिस ने ई-रक्षक ऐप की मदद से मोटरसाइकिल के इंजन और चेचिस नंबर की जांच की, जिसमें वाहन चोरी का निकला। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह बुलेट 56 दुकान क्षेत्र से चुराई थी और पहचान छिपाने के लिए उस पर जाली नंबर प्लेट लगा रखी थी। जिसके बाद पूछताछ में आरोपी ने इंदौर के विभिन्न थाना क्षेत्रों सहित उज्जैन से भी वाहन चोरी करना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर 14 चोरी की बुलेट बरामद की गईं।पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर आरोपी से आगे पूछताछ की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved