
28 जुलाई को नगर तथा ग्राम निवेश तथा राजस्व और निगम अधिकारियों का होगा संयुक्त निरीक्षण
इंदौर। निगम (Corporation) द्वारा 23 मास्टर प्लान (master plan) की जो सडक़ें (Roads) बनाई जा रही है उनमें से एक भी अभी तक पूरी नहीं हुई। दूसरी तरफ बायपास से होटल प्राइड होते हुए सिटी फॉरेस्ट और लाइट हाउस प्रोजेक्ट तक बनने वाली 100 फीट चौड़ी सडक़ पर कई निजी मालिकों ने आपत्तियां लगाई और स्टे भी ले आए, जिसके चलते अब 28 जुलाई को नगर तथा ग्राम निवेश, प्रशासन के राजस्व अमले और निगम अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से मैदानी निरीक्षण के साथ अलाइनमेंट को लेकर आई आपत्तियों का निराकरण
किया जाएगा।
पिछले दिनों कुछ रसूखदारों ने भूखंड निर्माण का काम रूकवाते हुए खंभे भी ठोंकने का काम शुरू करवा दिया, जिसकी शिकायत मिलने पर निगम ने हटवाया भी। इसके बाद आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर संयुक्त टीम मैदानी निरीक्षण करेगी। दूसरी तरफ इस रोड का निर्माण पीडी अग्रवाल इन्फ्रास्ट्रक्चर द्वारा किया जा रहा है। उसने लगभग 26 पेड़ बिना सक्षम अनुमति के काट दिए, जबकि इनमें से अधिकांश पेड़ों को शिफ्ट किया जाना था। लिहाजा निगम के जनकार्य और उद्यान समिति प्रभारी राजेन्द्र राठौर ने इसकी शिकायत भी की और उसके बाद कार्यपालन यंत्री योजना ने ठेकेदार फर्म पीडी अग्रवाल को नोटिस थमाया और जवाब मांगने के साथ अब पैनल्टी भी आरोपित की जाएगी। इस नोटिस में स्पष्ट कहा गया कि होटल प्राइड से सिटी फॉरेस्ट तक जो सडक़ उनके द्वारा बनाई जा रही है उसमें बाधक पेड़ों को स्थानांतरित किया जाए और काटने के संबंध में वन परीक्षेत्राधिकारी के आदेश अनुरूप कार्रवाई की जाए। मगर मौके पर जांच में पाया गया कि बाधक पेड़ों को बेरहमी से काट दिया और उनकी शिफ्टिंग भी नहीं की गई। इसके चलते फोटो के साथ उक्त नोटिस थमाया गया। श्री राठौर के मुताबिक मास्टर प्लान की सभी सडक़ों में बाधक पेड़ों को पहले शिफ्ट कराने के ही प्रयास किए जा रहे हैं और अगर उसमें समस्या आती है तो फिर विधिवत अनुमति देकर काटने और उसके बदले 10 गुना से अधिक नए पेड़ भी लगवाए जा रहे हैं। वहीं आयुक्त श्री सिंघल भी रोजाना मास्टर प्लान की सडक़ों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में कल उन्होंने मधुमिलन चौराहा से छावनी चौराहा मार्ग, कलालकुई मस्जिद से चंद्रभागा रोड, हरसिद्धि रोड, नेमीनाथ चौराहा से जिंसी चौराहा होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहा तक तथा गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार रोड तक निर्माणाधीन सडक़ कार्यों का स्थल पर जाकर अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, सडक़ की लेवलिंग, जल निकासी व्यवस्था तथा निर्माण एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। आयुक्त श्री सिंघल ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved