
इंदौर। शहर (Indore) में नशा (Intoxication) इस कदर हावी हो गया है कि युवा वर्ग (youth) लोक-लाज भी भूल चुका है। पुलिस ने एक रिसोर्ट पर छापा मारा तो 200 से अधिक युवक-युवतियां शराब पार्टी कर नशे में झूमते पाए गए। पुलिस ने रिसोर्ट (Resort) के संचालक पर केस दर्ज किया है।
शिप्रा पुलिस ने बताया कि ग्राम डकाच्या में मोमा बोका रिसोर्ट है। रिसोर्ट के अंदर नशाखोरी की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा तो वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस का कहना है कि 200 से अधिक युवक-युवतियां पार्टी करते हुए पाए गए। यही नहीं, रिसोर्ट के कमरों को चेक किया तो वहां भी लड़के-लड़कियां मिले। रिसोर्ट के संचालक विवेक उर्फ गोलू पिता विष्णु पटेल निवासी ग्राम डकाच्या ने मोटी रकम वसूल करते हुए इस पार्टी का आयोजन किया था। यही नहीं, उसने रिसोर्ट में आने वाले युवक-युवतियों की जानकारी थाने पर भी नहीं दी थी। न ही विजिटर रजिस्टर में किसी प्रकार की कोई एंट्री मिली। बताया जा रहा है कि ज्यादातर युवक-युवतियां इंदौर के थे, जिनमें पढ़ने वाले शामिल हैं। पुलिस ने सभी को घर रवाना किया और रिसोर्ट के मालिक विवेक उर्फ गोलू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उधर, लसूड़िया पुलिस ने भी नक्षत्र ओरा रिसोर्ट पर छापा मारा। यहां भी पार्टी चल रही थी, जिसकी थाने पर किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में रणदीप नाहर निवासी शिवमपुरी कॉलोनी भंवरकुआं के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, सी-21 बिजनेस पार्क रेडिसन चौराहा स्थित सो एंड सो बार में भी पार्टी चलने के चलते पुलिस पहुंची और कार्रवाई की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved