
इंदौर। ऑटो रिक्शा चालकों की विभिन्न समस्याओं और यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भगवा ऑटो रिक्शा चालक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को ट्रैफिक डीसीपी से मुलाकात की। बैठक में फिटनेस शुल्क, रैपिडो बाइक टैक्सी के संचालन, ई-रिक्शा के रूट निर्धारण और ऑटो में लगे डीजे व स्पीकर जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। ट्रैफिक डीसीपी ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।संघ अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि संगठन ने प्रशासन के समक्ष ऑटो चालकों की आजीविका से जुड़े मुद्दे रखते हुए सभी यात्री परिवहन वाहनों पर समान रूप से नियम लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी परिवहन माध्यम का विरोध नहीं करता, बल्कि निष्पक्ष और समान कार्रवाई चाहता है।
बैठक में ऑटो रिक्शा के फिटनेस शुल्क का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर ट्रैफिक डीसीपी ने कहा कि संबंधित आरटीओ अधिकारियों से चर्चा कर विषय का परीक्षण किया जाएगा और समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।रैपिडो बाइक टैक्सी के संचालन को लेकर डीसीपी ने बताया कि कंपनी से बाइक टैक्सी चालकों की सूची और संचालन संबंधी नियमावली मंगवाई जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी वाहन या चालक द्वारा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिक्शा के संचालन और निर्धारित रूट को लेकर भी संघ ने स्पष्ट व्यवस्था लागू करने की मांग रखी। डीसीपी ने इस विषय पर संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाकर जल्द निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। बैठक में ऑटो रिक्शा में लगे डीजे और स्पीकर का मुद्दा भी सामने आया। ट्रैफिक डीसीपी ने यूनियन को दो दिन के भीतर सभी ऑटो से डीजे और स्पीकर हटाने के निर्देश दिए। संघ ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने पर सहमति जताई और सभी चालकों से निर्धारित समय सीमा में उपकरण हटाने की अपील की।संघ अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि संगठन हमेशा शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से ऑटो चालकों की समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाता है। उन्होंने ट्रैफिक डीसीपी और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन के सकारात्मक रुख से ऑटो चालकों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।बैठक में संघ के विधिक सलाहकार अनिल कुमार साहू, महामंत्री दिनेश क्षीरसागर, उपाध्यक्ष लालसिंह किर, संगठन मंत्री टुन्ना भाई थापा, प्रचार मंत्री विकास टिकलिया, मंत्री राजेंद्र फुलवरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और ऑटो चालक मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved