
जबलपुर। पीडि़त मानवता की सेवा ही सच्ची सेवा है, इसी संकल्प के साथ संघवी सेवा समिति की ‘सुदामा थाली’ सेवा ने 15 वर्ष पूरे किए। विक्टोरिया हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज एवं संघवी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्थापना दिवस के अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को मिष्ठान, पूरी, दाल, सब्जी, फल सहित भोजन सामग्री का नि:शुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर जबलपुर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री शीतल जी समदडिय़ा परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सेवा कार्य से जुड़े पदाधिकारियों एवं सहयोगियों ने मरीजों और उनके परिजनों को भोजन वितरित कर सेवा का संकल्प दोहराया। संघवी सेवा समिति का उद्देश्य दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को उचित, पौष्टिक और सुलभ भोजन उपलब्ध कराना है। समिति पिछले 15 वर्षों से महज 5 रुपए में भोजन उपलब्ध करा रही है। संस्था के अनुसार, अब तक लगभग 28 लाख मरीज एवं उनके परिजन इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं। खास बात यह है कि संस्था सरकार से किसी भी प्रकार का अनुदान नहीं लेती, बल्कि जनभागीदारी और समाज के सहयोग से इस सेवा को निरंतर संचालित कर रही है। समिति ने इस पुनीत कार्य में निरंतर सहयोग के लिए जबलपुरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष पंकज संघवी, उपाध्यक्ष मयूर संघवी, सचिव मुकेश जैसवाल, अशोक जैन, सचिन जैन, दीपक जैन, बंटी गोलछा सराफा सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। 15 वर्षों से जारी यह सेवा जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन के साथ-साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक सहयोग की मिसाल बनी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved