आचंलिक

आपसी भाईचारे और सद्भाव से मनायेंगे सभी त्यौहार : कलेक्टर

रीवा। कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि जिले में सभी समुदायों के त्यौहार परंपरागत रूप से मनाए जाते हैं। जिले में आपसी समन्वय और सद्भाव की अनूठी परंपरा है। इसी परंपरा को बनाए रखते हुए इस माह के विभिन्न त्यौहार मनाए जायेंगे। इस माह में 9 अगस्त को मोहर्रम, 11 अगस्त को रक्षाबंधन, 19 अगस्त को जन्माष्टमी तथा 31 अगस्त से 9 सितम्बर तक पर्युषण पर्व मनाया जाएगा। इन सभी त्यौहारों के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। सबके सहयोग से जिले भर में शांतिपूर्वक इन त्यौहारों को मनाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि मोहर्रम में ताजिये के जुलूस के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। त्यौहारों के दौरान नगर निगम द्वारा विशेष साफ-सफाई, प्रमुख स्थलों में प्रकाश की व्यवस्था तथा पानी अतिरिक्त आपूर्ति की जाएगी। जिन स्थानों से ताजिए निकलेंगे उनकी जानकारी प्रशासन को पहले से ही दे दें। प्रत्येक जुलूस के लिए छोटी सी समिति बना लें जो आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन से संपर्क कर सके। नगर निगम की टीम भी सभी प्रमुख स्थलों में तैनात रहेगी। रक्षाबंधन के दूसरे दिन मनाए जाने वाले कजलियां पर्व में विसर्जन स्थलों पर होमगार्ड के जवान एवं तैराक दल तैनात रहेंगे।


बैठक में कलेक्टर ने कहा कि हम परंपरागत रूप से मनाए जाने वाले पर्व के साथ-साथ आजादी के अमृत महोत्सव को भी बडचड कर मनाएं। इसके तहत 13 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। हर व्यक्ति अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान तथा कार्यालय में इस अवधि में तिरंगा फहराए। जिले में पर्याप्त संख्या में तिरंगे उपलब्ध हैं। नगर निगम द्वारा शहर के 6 प्रमुख स्थलों में स्वसहायता समूहों के माध्यम से तिरंगा बिक्री की व्यवस्था की गई है। नाममात्र की राशि देकर हर व्यक्ति अपने घर में तिरंगा लगाए जिससे पूरा शहर और पूरा जिला तिरंगामय हो जाए। शहीदों की कुर्बानी के बाद हमें आजादी मिली है। आजादी के अमृत महोत्सव में शहीदों को नमन करने तथा देश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनें। बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने कहा कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त बल तैनात रहेगा। जुलूस के साथ समिति अपने वालेंटियर्स तैनात रखें। बैठक में सडकों के सुधार, आटो तथा अन्य सार्वजनिक वाहनों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था, जेबकतरों एवं उठाईगीरों पर कार्यवाही, पर्युषण पर्व तथा प्रमुख त्यौहारों के समय मांस की दुकानें बंद रखने का भी सुझाव दिया गया। बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेडे, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह तथा शांति समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

Next Post

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचायत प्रतिनिधियों ने ली शपथ

Sat Aug 6 , 2022
सरपंच ने आगामी पांच वर्षों की योजना प्रस्तुत की महिदपुर। पंचायत चुनाव में मतदाताओं ने जिस विश्वास के साथ समर्थन दिया है हम सभी जन आंकाक्षाओं पर खरा उतरने के साथ पारदर्शी ढंग से कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सही ढंग से क्रियान्वित कर लोगों को लाभान्वित करेंगे। उक्त विचार नवनिर्वाचित सरपंच […]