भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

Patwari के साथ Teachers को भी Survey मेेंं लगाएं

  • ग्वालियर मेें चार निलंबित… बाढ़ आपदा के आंकलन में लापरवाही पर सरकार सख्त

भोपाल/ग्वालियर। बाढ़ प्रभावित जिलों में पानी उतरते ही प्रशासन ने सर्वे काम शुरू कर दिया है। सर्वे में राजस्व की टीम गांव-गांव पहुंची हैं। जो लोगों की संपत्ति के नुकसान का आंकलन कर रही है। साथ ही पशुपालन विभाग, पंचायत विभाग की टीम भी नुकसान देख रही हैं। इस बार आंकलन में गड़बड़ी पर सरकार सख्त है।

ग्वालियर में राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरतने पर चार कर्मचारियों को निलंबित किया है। लापरवाही सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टरों से कहा है कि आंकलन के काम में शिक्षकों को भी लगाएं।मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश के जिन जिलों में बाढ़ ने कहर बरपाया वहाँ जल्दी से जल्दी सभी व्यवस्थाएँ दुरस्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। चौहान ने कहा कि सबसे पहले जनता को राहत प्रदान कर पुनर्वास के कार्य पूरे करने हैं। इसके पश्चात पुनर्निर्माण किया जायेगा। क्षति के सर्वे के लिए पारदर्शी कार्यवाही की जाये। सर्वेक्षण कार्य के पश्चात उन परिवारों को प्रारंभिक तौर पर 6 हजार रूपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाये, जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। दीर्घकालिक योजना में ऐसे क्षतिग्रस्त मकानों में रहने वाले परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना की तरह 1 लाख 20 हजार रूपये की राशि देने का कार्य किया जायेगा।

श्योपुर में निकुंज श्रीवास्तव ने संभाली कमान
बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान श्योपुर शहर में हुआ है। शहर पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। पानी उतरने के बाद नगरीय प्रशासन आयुक्त निकुंज श्रीवास्तन ने श्योपुर की कमान संभाल ली है। शहर में सफाई व्यवस्था, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की व्यवस्था भी निकुंज देख रहे है। वे ग्वालियर और इंदौर से कुल 12 जेसीबी, 6 डंपर, 30 ट्रेक्टर, 150 सफाई कर्मचारी श्योपुर में डेरा डाले हुए हैं।

कहां क्या हालात

  • अशोकनगर: करीब 2200 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। अभी दस शिविर चल रहे हैं, 50 ग्राम ऐसे हैं भोजन की व्यवस्था है। सड़कों को नुकसान पहुंचा है। कहीं कोई फंसा नहीं है।
  • मुरैना: कलेक्टर ने बताया कि जिले में रेस्क्यू का कार्य पूरा हो गया है। कोई भी व्यक्ति कहीं भी बाढ़ में नहीं फँसा है। प्रभावित लोगों को तैयार खाना और आटा उपलब्ध करवाया जा रहा है।
  • शिवपुरी: शहर में चार स्थानों पर खाना वितरित हो रहा है। गांवों का संपर्क मार्ग टूट गया है। सड़कों को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। लोगों को सुविधा होगी। गंावों में भारी नुकसान पहुंचा है। 5 हजार से ज्यादा के घर टूट गए।
  • गुना: 1700 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। कुल 53 मवेशियों के मृत होने की जानकारी मिली है। गांवों में में काफी नुकसान पहुंचा है।
  • ग्वालियर: डबरा और भितरवार में 6 ट्रक सामग्री पहुँच गई है। बाढ़ प्रभावितों को पाँच लीटर केरोसिन और 50 किलो आटा प्रदान किया जा रहा है। रेडक्रास और अन्य संस्थाएँ सहयोग दे रही हैं। 6 हजार से ज्यादा घर टूटे हैं।
  • दतिया: कलेक्टर दतिया ने बताया सिंध नदी के किनारे के 36 ग्राम प्रभावित थे। कुल 1125 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, 225 पशु हानि है। कुल 23 राहत शिविर में करीब 7 हजार लोगों को रखा गया। प्रभावितों को फिलहाल 20 किलो आटा और दाल, चार किलो आलू, एक पैकेट नमक और माचिस जैसी जरूरी चीजें उपलब्ध कराई गयी हैं। प्रभावित परिवारों की संख्या 7500 है।
Share:

Next Post

अंधाधुंध रफ्तार में दौड़ रही दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत, दो की मौत

Mon Aug 9 , 2021
बैरसिया के भौंरा जोड़ पर कल शाम हुई घटना, तीन लोग जख्मी भोपाल। बैरसिया (Bersiya) में स्थित भौंरा गांव में कल शाम को दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि तीन घायलों को अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के […]