उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

शक्ति की भक्ति शुरू… गूंजे जयकारे

  • हरसिद्धि सहित प्रमुख देवी मंदिरों में ब्रह्ममुहूर्त में हुई घटस्थापना
  • देर रात तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़-इस बार नवरात्रि के प्रत्येक दिन शुभ मुहूर्त

उज्जैन। चैत्र नवरात्रि की शुरुआत गुड़ी पड़वा से मंदिरों में घटस्थापना के साथ हो गई है। कल सुबह से ही अनुष्ठान शुुरू हो गए थे और घटस्थापना के बाद बड़ी संख्या में माता के भक्त प्राचीन हरसिद्धि व अन्य देवी मंदिरों में दर्शनों के लिए पहुँचने लगे। देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस बार नवरात्रि के प्रत्येक दिन अलग-अलग शुभ मुहूर्त आ रहे हैं। कल चैत्र नवरात्रि सर्वार्थ सिद्धि एवं रवि योग में शुरू हुई। यह नवरात्रि इस बार पूरे नौ दिनों तक चलेगी। मातारानी का आगमन घोड़े पर सवार होकर हुआ है और प्रस्थान भैंसे पर सवार होकर होगा। हरसिद्धि मंदिर में कल सुबह से ही यज्ञ आरंभ हो गया था, वहीं चामुण्डा माता, गढ़कालिका, चौबीस खंबा देवी, नगर कोट माता मंदिर, सावन भादौ बिजासन माता मंदिर, भूखी माता मंदिर, नवदुर्गा माता मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में घटस्थापना की गई, वहीं घर-घर में माता के भक्तों के उपवास भी प्रारम्भ हुए। सभी माता मंदिरों को रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सजाया गया है।


ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला ने बताया कि इस बार नवरात्रि के पूरे नौ दिन खास है और विशेष संयोग वाले हैं। उन्होंने बताया कि आज 3 अप्रैल को सर्वार्थ सिद्धि योग में नवरात्रि का दूसरा दिन आया है। कल तीसरे दिन 4 अप्रैल को रवि योग रहेगा। 5 अप्रैल को सर्वार्थ सिद्धि योग, 6 अप्रैल को सर्वार्थ सिद्धि योग व रवि योग आ रहा है, जबकि 7 अप्रैल को रवि योग, 8 अप्रैल को सर्वार्थ सिद्धि योग, 9 अप्रैल को फिर रवि योग और 10 अप्रैल अंतिम नवरात्रि के दिन रवि पुष्य नक्षत्र व सर्वार्थ सिद्धि योग आ रहा है। इधर शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहाँ दीप मालिका सजाई जा रही है और नित्य देवी हरसिद्धि माँ का श्रृंगार किया जा रहा है। इसके अलावा गढ़कालिका, भूखी माता, चामुण्डा माता, नगर कोट माता सहित अन्य देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

जेल में भी नवरात्रि और रमजान..
इस साल चैत्र नवरात्रि और रमजान का महीना साथ-साथ शुरू हो रहा है। भैरवगढ़ जेल में सैकड़ों कैदी मां की भक्ति के साथ ही इबादत कर रहे हैं। इसके लिए जेल प्रशासन ने खास तैयारियां की हैं। भैरवगढ़ सेंट्रल जेल में करीब 850 कैदी ऐसे हैं, जो नवरात्रि पर उपवास करने वाले हैं। इनके लिए फलाहार की व्यवस्था की जा रही है। इसी के साथ रमजान का महीना भी शुरू हो रहा है। करीब 200 मुस्लिम कैदी रोजे रखने वाले हैं, जिनके लिए सुबह 4 बजे सेहरी की व्यवस्था की जाएगी और शाम को इफ्तार की। उपवास और रोजा रखने वाले कैदियों में 150 महिला कैदी भी शामिल हैं।

Share:

Next Post

Kamalnath ने Arun Yadav को साधा, सलकनपुर साथ ले गए

Sun Apr 3 , 2022
भोपाल। मप्र कांग्रेस में चल रही उठा पटक के बीच प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आज अचानक पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण यादव को फोन कर उन्हें साधने का प्रयास किया। कमलनाथ उन्हें हेलिकाप्टर में बिठाकर सलकनपुर देवी दर्शन के लिए भी ले गए हैं। आज शाम को इन दोनों नेताओं के बीच गोपनीय बैठक भी होने की […]