भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

16 सीटों पर अंडर करंट से घबराई भाजपा-कांग्रेस

  • ग्वालियर-चंबल में जीत-हार का अनुमान लगाना मुश्किल

भोपाल। प्रदेश में 28 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। इसमें से 16 सीट ग्वालियर-चंबल में हैं। इन सीटों पर दोनों दलों का चुनाव प्रचार चरम पर है। हर सीट पर चुनाव कड़े मुकाबले में पहुंच गया है। हार-जीत का अनुमान लगाना बेहद मुश्किल हो गया है। राजनीतिक दल अब जनता मूड नहीं समझ पा रहे हैं। यही वजह है भाजपा और कांग्रेस में घबराहट साफ दिखाई दे रही है। मुरैना जिले की पांच सीट जौरा, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह में उपचुनाव हो रहे हैं। वहीं भिंड जिले की गोहद और मेहगांव सीट पर चुनाव है। ग्वालियर जिले की ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व और डबरा सीट पर उपचुनाव है। दतिय जिले की भांडेर, शिवपुरी जिले की करैरा और पोहरी, अशोकनगर जिले की अशोकनगर और मुंगावली सीट पर चुनाव है। जबकि गुना जिले की बमौरी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इन सीटों पर कांग्रेस एवं भाजपा प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला है। पोहरी, जौरा, अंबाह सीट पर बसपा प्रत्याशी भी मुकाबले में हैं। चुनाव बेहद पेचीदा हो चुका है। दोनों दलों की चुनावी सभाओं में जमकर भीड़ उमड़ रही है, लेकिन भीड़ किस दल के पक्ष में वोट करेगी, यह कहना मुश्किल हो रहा है। हर प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल होने का दावा कर रहा है। राजनीतिक दलों की ओर से उपचुनाव में हर तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

समाज के नेताओं को उतारा
राजनीतिक दलों खासकर कांग्रेस एवं भाजपा ने हर सीट पर समाज के नेताओं को उतार दिया है। जिस सीट पर जिस समाज के वोट ज्यादा हैं, उस सीट पर उसी समाज के नेता पार्टियों का प्रचार कर रहे हैं। जनता सभी का स्वागत कर रही है। सभी को वोट का आश्वासन देकर विदा कर रही है।

मंत्रियों के क्षेत्र में कड़ा मुकाबला
विधानसभा उपचुनाव में तुलसी सिलावट एवं गोविंद राजपूत समेत 14 मंत्री विधायक बनने के लिए उतरे हैं। मंत्रियों वाली सीटों पर कांग्रेस भाजपा प्रत्याशियों को टक्कर दे रहे हैं। कुछ सीटों पर बसपा भी टक्कर दे रही है। सुमावली सीट पर भाजपा प्रत्याशी ऐंदल सिंह कंषाना हैं। यहां मुकावला कड़ा है। भाजपा को भितरघात का खतरा ज्यादा है, लेकिन पलड़ा भारी है। दिमनी से गिर्राज दंडोतिया मैदान में है। चुनाव में पूरी तरह से जातिवाद हावी है। मेहगांव से मंत्री ओपीएस भदौरिया मैदान में है। यहां भी चुनाव जातियों में बंट चुका है। ग्वालियर से मंत्री प्रद्युम्र सिंह तोमर मैदान में है। चुनाव प्रचार को लेकर वे मतदताओं के बीच सुर्खियों में है। डबरा से मंत्री इरमती देवी प्रत्याशी हैं। इमरती इन दिनों जीत-हार से ज्यादा विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं। पोहरी से मंत्री सुरेश धाकड़ भाजपा प्रत्याशी हैं। यहां भी चुनाव जातियों में बंट गया है। बमौरी से मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया चुनाव मैदान में है। दोनों नेताओं को भितरघात का खतरा है। मुंगावली से मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव को कांगे्रस से कड़ी टक्करमिल रही है। यहां भी जातिगत समीकरण हावी हैं। सुरखी से पूर्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पूरी ताकत लगा रहे हैं। जीत हार का अंतर कम रहेगा। अनूपपुर से मंत्री बिसाहूलाल सिंह आखिरी बाद विधायक चुनने के लिए जनता से अपील कर रहे हैं। सांची से मंत्री प्रभूराम चौधरी मैदान में है, वे अभी तक भाजपा नेताओं को अपने साथ नहीं ला पाए हैं। बदनावर से मंत्री राजवर्धन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं, यहां कांग्रेस के स्टार प्रचारक कम पहुंच रहे हैं। सांवेर से पूर्व मंत्री तुलसीराम सिलावट चुनाव लड़ रहे हैं। यह चुनाव सबसे ज्यादा चर्चित हो गया है। मंदसौर जिले की सुवासरा सीट से मंत्री हरदीप सिंह डंग भाजपा प्रत्याशी हैं, उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है। बदबदलू का मुद्दा चर्चा में है।

Share:

Next Post

पत्नी की हत्या कर थाने में सुकून की नींद सोया पति

Wed Oct 28 , 2020
प्रेम विवाह का ऐसा हश्र, चंद महीनों में ही शंका की बलि चढ़ा दिया पत्नी को कुत्ते को बांधने वाली चेन से गला घोंटकर पिता को फोन लगाया कि पत्नी की हत्या कर दी पिता बेटे को थाने लेकर पहुंचे इंदौर। चंद महीनों पहले अपनी कंपनी में ही काम करने वाली युवती से प्रेम विवाह […]