इंदौर न्यूज़ (Indore News)

145 रसोई केन्द्रों से मिलेगा सस्ता भोजन, 25 रहेंगे चलित

अग्निबाण की खबर पर कैबिनेट की मोहर… दीनदयाल रसोई योजना का किया विस्तार – 10 की बजाय 5 रुपए में ही मिलेगा भोजन

इंदौर। दीनदयाल रसोई योजना (Deendayal Kitchen Scheme) का विस्तार करने का निर्णय कल कैबिनेट बैठक में लिया गया। कल सुबह ही अग्निबाण ने इस बात का खुलासा किया था कि अब 10 रुपए की बजाय 5 रुपए में गरीबों को इस योजना के तहत भोजन मिलेगा। साथ ही चलित यानी मोबाइल केन्द्र भी शुरू होंगे। कैबिनेट ने 145 रसोई केन्द्रों के माध्यम से गरीबों को भोजन कराने का निर्णय लिया है, जिसमें 45 नए केन्द्र खोले जाएंगे और इनमें से भी 25 केन्द्र चलित यानी मोबाइल रहेंगे। पहले से 100 रसोई केन्द्र चल रहे हैं, जो सभी स्थायी हैं। अब इनमें 20 और केन्द्रों का इजाफा किया गया है। 55 नगरीय निकायों में जो 119 रैन बसेरे और आश्रय स्थल चल रहे हैं वहां भी इन रसोई केन्द्रों का लाभ दिया जाएगा। कामकाज के लिए शहरों में आने वाले गरीबों को किफायती दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जा रही है।


विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की तमाम योजनाएं घोषित की जा रही है। कल कैबिनेट बैठक में जहां सीएम राइज स्कूलों के लिए 1335 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई जिनमें 33 स्कूल निर्मित होना है। वहीं मुख्यमंत्री शहरी अदोसंरचना विकास योजना के जरिए 1700 करोड़ रुपए सडक़ों के निर्माण, शहरी यातायात सुधार, सौंदर्यीकरण, उद्यान, विकास, निकायों के कार्यालयों में भवन निर्माण, उन्नयन पर खर्च होंगे, तो 6 नए मेडिकल कॉलेज भी स्थापित किए जाने का निर्णय लिया। एक लोक लुभावनी योजना दीनदयाल रसोई के माध्यम से की गई, जिसमें अब आधी दरों यानी 5 रुपए में प्रति थाली भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। 2017 में पहले चरण के तहत इंदौर सहित 51 नगरीय निकायों में 56 रसोई केन्द्र शुरू किए गए थे और कोरोना महामारी में इसकी जरूरत भी अधिक महसूस की गई और गरीबों-मजदूरों को भोजन मिल सका। 26 फरवरी 2021 को इस योजना के दूसरे चरण में 52 जिला मुख्यालयों के साथ 6 धार्मिक नगरों में भी कुल 100 रसोई केन्द्रों का संचालन शुरू किया गया, जहां 10 रुपए प्रति व्यक्ति भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था। अब तक 1 करोड़ 62 लाख थालियों के वितरण की जानकारी शासन ने दी है। अब इन 100 केन्द्रों के अतिरिक्त 45 और नए रसोई केन्द्र खोलने का निर्णय कल कैबिनेट बैठक में लिया गया, जिनमें 20 नए स्थायी रसोई केन्द्र और 25 चलित यानी मोबाइल रसोई केन्द्र रहेंगे। चूंकि 16 निगमों के साथ पीथमपुर और मंडीदीप में भी रहेंगे, क्योंकि इन औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मजदूर काम करते हैं और उन्हें अब मात्र 5 रुपए में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह पुराने 100 और नए 45 यानी 145 रसोई केन्द्र शुरू हो जाएंगे। इंदौर में भी नगर निगम द्वारा जो रैन बसेरे, वृद्धा, महिला आश्रम व अन्य संचालित किए जा रहे हैं वहां पर भी इन योजना के तहत सस्ता भोजन मिलेगा।

मामा की थाली दो घंटे बाद ही फिर दीनदयाल रसोई में बदली

कैबिनेट में दरअसल जो प्रस्तावि दीनदयाल रसोई केन्द्रों को बढाने और 10 रुपए की बजाय 5 रुपए में उपलब्ध कराने का रखा गया था, उसका नाम मामा की थाली था। यहां तक कि कैबिनेट बैठक के बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया को जो जानकारी दी उसमें भी मामा की थाली योजना शुरू करने की बात कही। मगर इसके थोड़ी देर बाद ही जब यह जानकारी सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई तो मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का नाम पहले की तरह दीनदयाल रसोई योजना ही रहेगा। उसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि पं. दीनदयाल के नाम पर शुरू की गई इस योजना का नाम परिवर्तन भाजपा और उससे जुड़े संगठनों को भी रास नहीं आता और उसकी तुरंत आलोचना भी शुरू हो गई थी, जिसके चलते खुद मुख्यमंत्री को यह स्पष्टीकरण देना पड़ा।

Share:

Next Post

स्टार एयर ने बंद की मंगलवार की बेलगाम फ्लाइट

Thu Jun 29 , 2023
अब सप्ताह में सिर्फ तीन दिन रवि, सोम और शुक्रवार को ही चलेगी इंदौर। इंदौर (Indore) से कर्नाटक (Karnataka) के बेलगाम (Belgaum) के बीच सफर करने वाले यात्रियों (Passengers) को अब इस मार्ग पर सफर करने के लिए सप्ताह में तीन दिन ही सीधी उड़ान की सुविधा मिल सकेगी। स्टार एयर (Star Air) ने यात्रियों […]