जबलपुर न्यूज़ (Jabalpur News) मध्‍यप्रदेश

जबलपुर में आपस में भिड़े कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता, टीवी डिबेट के दौरान हुआ विवाद

जबलपुर। चुनावी समर के बीच भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस (BJP- Congress) कार्यकर्ताओं का मिजाज शनिवार को भंवरताल में एक टीवी चैनल के डिबेट (Debate) के दौरान गर्म हो गया। राजनीतिक चर्चा के बीच दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के ऊपर कुर्सियां उछाली। लात-घूंसे चलने लगे। हंगामें से आयोजन स्थल पर भगदड़ मच गई। कुछ लोगों के कपड़े फट गए।


मारपीट में दोनों दल के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हंगामा और मारपीट का आरोप दोनों दलों के नेताओं के एक-दूसरे के विरुद्ध लगाया है। इसके बाद देर रात तक दोनों दल की ओर से शिकायत पंजीबद्ध कराने को लेकर देर रात तक थाने में हंगामा करते रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत को जांच में लिया है।

भंवरताल में आयोजित वाद-विवाद कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के उत्तर-मध्य विधायक अभिलाष पांडे और कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक विनय सक्सेना के साथ ही दोनों दल के अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता और समर्थक शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियाें के अनुसार प्रश्न-उत्तर की शृंखला के दौरान कांग्रेस के एक नेता ने भाजपा के एक शीर्ष नेता को लेकर कुछ व्यक्तिगत टिप्पणी कर दी।

इसका कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। दोनों ओर से टीका-टिप्पणी अचानक बढ़ गई और सभी आक्रामक हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। भीड़ में जिसको हाथ में जो मिला उसी से विरोधी पर हमला कर दिया। इस दौरान मची भगदड़ में कई राहगीर भी प्रभावित हुए। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया।

दोनों ने एक-दूसरे पर मढ़ा दोष
भाजपा की ओर से घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक विनय सक्सेना पर हमला बोला गया है। घटना में घायल भाजपा कार्यकर्ता रामजी सिंह का आरोप है कि कांग्रेस नेता सक्सेना ने समर्थकों को भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के लिए उकसाया। उनके उकसावे पर घटना हुई है।

इधर, कांग्रेस की ओर से हमले को भाजपा का सुनियोजित षड्यंत्र बताया है। पूर्व विधायक सक्सेना का आरोप है कि भाजपा नेताओं के साथ कुछ अपराधी तत्व आए थे। कांग्रेस की ओर से किए गए प्रश्नों का उत्तर देने नहीं दे पाने की खीझ में भाजपा की ओर से मारपीट की गई है। मामले में भाजपा विधायक अभिलाष पांडे ने घटना को कांग्रेस की लोकसभा चुनाव में पराजय बौखलाहट बताया है।

थाने में देर तक लगी रही भीड़
मारपीट और हंगामे के बाद दोनों दलों के नेता ओमती थाने के सामने एकत्रित होने लगे। टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों दल के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग थाने में शिकायत पंजीबद्ध कराने के लिए भेजा। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से ओमती थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मारपीट की शिकायत की गई है।

 

Share:

Next Post

जयवीर सिंह जी के स्वागत में मैनपुरी में उमड़ी भीड़

Sun Apr 14 , 2024
मैनपुरी: जयवीर सिंह (Jaiveer Singh) जी के स्वागत में मैनपुरी में जो भीड़ उमड़ी, उसे देखकर ऐसा लगता है जैसे मैनपुरी ने अपना सांसद चुन लिया हो। जयवीर सिंह (Jaiveer Singh) जी तत्कालीन पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री हैं। इस मौके पे उनका स्वागत समारोह मैनपुरी में विशेष धूमधाम के साथ हुआ। लोगों का उत्साह देखकर […]