जिले की खबरें देश मध्‍यप्रदेश

कांग्रेस राष्ट्रीय बीमारी, इसके इलाज के लिए भाजपा को जिताना जरूरीः केशवप्रसाद मौर्य

सतना। आज देश और प्रदेश में, जहां तक नजर जाती है भाजपा (BJP) की सरकारें हैं। कभी आपने सोचा है कि अगर देश में कांग्रेस (Congress) की सरकार होती, तो क्या होता? अगर सरकार कांग्रेस की होती तो अयोध्या में राम मंदिर (Ram temple in Ayodhya) नहीं बनता। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 नहीं हटती। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं मिलता। लेकिन ये अच्छी बात है कि देश में कांग्रेस आज सिमटती जा रही है, उसका अस्तित्व समाप्त हो रहा है। कांग्रेस एक राष्ट्रीय बीमारी है, उसके जाने के बाद ही देश में अच्छे काम होना शुरू हुआ। इस बीमारी के इलाज के लिए भाजपा को जितना जरूरी है। यह बात उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशवप्रसाद मौर्य ने रैगांव विधानसभा के गुलुआ पवैया में भाजपा उम्मीदवार श्रीमती प्रतिमा बागरी के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को अनूसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य ने भी संबोधित किया।

पहले से अधिक वोटों से भाजपा को जिताएं

सभा को संबोधित करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे आप लोगों को संबोधित करने का अवसर मिला है। मैं उत्तरप्रदेश की 24 करोड़ जनता की ओर से आप सभी को प्रणाम करता हूं। श्री मौर्य ने कहा कि रैगांव के भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता जुगलकिशोर बागरी जी के निधन के कारण यहां चुनाव हो रहा है। इस चुनाव में स्व. बागरी जी के परिवार की ही श्रीमती प्रतिमा बागरी भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार हैं। मैं उन्हीं के लिए आशीर्वाद मांगने आपके पास आया हूं। आप सभी से आग्रह है कि प्रतिमा जी को अपना आशीर्वाद दें और उन्हें स्व. जुगलकिशोर बागरी से भी अधिक बड़ी जीत दिलाएं।

भाजपा करती है सबका विकास, कांग्रेस करती है खुद का विकास

श्री मौर्य ने कहा कि आज देश में हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हैं, जो गरीब के कल्याण के लिए समर्पित हैं, विकास जिनकी प्राथमिकता है और जो दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। वहीं, मध्यप्रदेश में हमारे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान हैं, जिन्होंने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकालकर विकास के रास्ते पर चलाया। श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा का नारा है सबका साथ और सबका विकास। लेकिन कांग्रेस के लोग कुछ मुट्ठी भर लोगों को साथ लेकर खुद का ही विकास करते हैं। श्री मौर्य ने कहा कि स्वयं राजीव गांधी ने यह कहा था कि हम यहां से एक रुपया भेजते हैं, तो 15 पैसे ही गरीबों तक पहुंच पाते हैं। बाकी 85 पैसे कांग्रेसी दलालों की जेब में चले जाते थे। श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के इस भ्रष्टाचार से बचने के लिए भाजपा को मजबूत करना जरूरी है, इसलिए 30 अक्टूबर को कमल का बटन दबाएं, प्रतिमा बागरी जी को जिताएं।



संविधान का अपमान कांग्रेस की आदतः लालसिंह आर्य

सभा को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य ने कहा कि संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। चाहे सुप्रीम कोर्ट हो, चुनाव आयोग हो या फिर हमारी सेनाएं हों, कांग्रेस ने सभी का अपमान किया है। अभी हाल ही में कांग्रेस के एक विधायक बाबू जंडेल ने उस संविधान को जलाने की बात कही है, जिसे हमारे पूज्य डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने लिखा है। यह देश के संविधान का अपमान तो है ही, बाबा साहब का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान और बाबा साहब अंबेडकर जी का अपमान करने वाली कांग्रेस को हमें इस चुनाव में सबक सिखाना है, भाजपा को जिताना है।

Share:

Next Post

कांग्रेस को जबरजस्त झटका, बड़वाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक भाजपा में शामिल

Sun Oct 24 , 2021
खरगोन! खंडवा लोक सभा उप चुनाव (Khandwa Lok Sabha by-election) में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर हो रही है भाजपा लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कोई कसर नही छोड़ना चाहती है भाजपा के रणनीतिकारों ने कांग्रेस को जबरजस्त झटका (Big blow to Congress) दिया और खरगोन जिले की बड़वाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक […]