भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कानून विशेषज्ञों को लेकर सागर जाएंगे दिग्विजय सिंह

  • कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे प्रकरण दर्ज करने पर देंगे कानूनी मददद

भोपाल। सागर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए जा रहे अपराधिक प्रकरणों की पड़ताल करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को कानून विशेषज्ञों की फौज लेकर सागर जाएंगे। उनके साथ अधिवक्ता शशांक शेखर के नेतृत्व में वकीलों का एक दल भी सागर जाएगा। दिग्विजय सिंह सागर जिले में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचार, उनके खिलाफ दर्ज किए गए झूठे मुकदमे और अन्य अत्याचार का जमीनी मुआयना करेंगे और उन्हें हर संभव मदद देने के लिए कार्यवाही शुरू करेंगे। वे पीडि़त कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात करेंगे।



पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में अत्याचार प्रतिरोध समिति का गठन किया था। समिति के पास पूरे प्रदेश में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं पर भाजपा शासन के इशारे पर किए जा रहे अत्याचारों की बहुत सारी शिकायतें आई थी। सागर जिले में शिवराज सरकार के एक मंत्री विशेष रूप से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के उत्पीडऩ में संलग्न है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार में सागर और दतिया जिले सबसे आगे हैं। दिग्विजय सिंह पीडि़त कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घर जाएंगे उनके परिवारों से मिलेंगे। शशांक शेखर के नेतृत्व में जा रही अधिवक्ताओं की टीम कांग्रेस के पीडि़त कार्यकर्ताओं को हरसंभव कानूनी मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रक्रिया शुरू करेगी।

कांग्रेसियों पर दमन के आरोप
सागर जिले के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करके उन्हें जेल भेज देना, उनके मकानों पर बुलडोजर चला देना, कांग्रेस समर्थक व्यक्तियों पर पुलिस और प्रशासन के अत्याचार करना आम बात हो गई है। कमलनाथ ने टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर रहे हैं, उनकी सूची भी तैयार की जाए, ताकि जनता यह जान सके कि कौन से अधिकारी संविधान और कानून के मुताबिक काम कर रहे हैं और कौन से अधिकारी जेब में भाजपा का बिल्ला लगाकर काम कर रहे हैं।

Share:

Next Post

21 दिसम्बर को भोपाल में जैन समाज का सबसे बड़ा प्रदर्शन

Fri Dec 16 , 2022
भोपाल। जैन समाज के सबसे पवित्र तीर्थ सम्मेद शिखर को पर्यटन क्षेत्र बनाने से रोकने और उसकी पवित्रता कायम रखने 21 दिसम्बर को मप्र की राजधानी भोपाल में जैन समाज का अभी तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन होगा। बच्चे बूढे और जवान, महिला पुरूष सभी सड़क पर उतरेंगे। यह फैसला गुरुवार को भोपाल में सभी […]