भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

चरित्र संदेह के चलते लिव इन पार्टनर ने की थी युवती की सरेराह हत्या

  • सीएम हाउस के नजदीक सरेराह हुए हत्याकांड के बाद देर रात तक चकरघिन्नी बनी रही पुलिस
  • महज तीन घंटे में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया

भोपाल। राजधानी के हाई सिक्युरिटी जोन मुख्य मंत्री आवास के ठीक पीछे स्थित रंजीत होटल के पास बीती रात नौ बजे युवक ने युवती की सरेराह गला रेतकर हत्या कर डाली। वारदात के बाद आरोपी भीड़भाड़ के बीच अपनी बाइक से फरार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी शिनाख्त की और महज तीन घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर अंधे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। आरोपी लड़की का लिव इन पार्टनर रहा है। बीते तीन महीने से दोनों अलग रह रहे हैं। आरोपी चरित्र संदेह के चलते लड़की से मारपीट करता था। घुमाने के बहाने वह युवती को लेकर साथ आया था। करीब आधे घंटे तक दोनों घटना स्थल पर झगड़ते रहे। इसके बाद आरोपी ने युवती की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
डीसीपी रियाज इकबाल के अनुसार 21 वर्शीय इकरा उर्फ रूशी खान हाउसिंग बोर्ड करोंद की रहने वाली थी। कोरोना के चलते उसके पिता का निधन हो गया है। जिसके बाद से वह अपनी मौसी के पास अस्सी फीट रोड अशोका गार्डन में रह रही थी। वह एक प्रापर्टी डीलिंग के ऑफिस में काम करने लगी थी। वहीं उसके साथ करोंद का निवासी मोहसिन खान भी काम किया करता था। दोनों के बीच वहीं दोस्ती और फिर प्रेम प्रसंग हो गया। करीब डेढ़ साल पहले दोनों ने साथ रहने का फैसला लिया। हालांकि दोनों ने निकाह नहीं किया था। एक साल से अधिक समय तक दोनों साथ रहे। आरोपी लड़की के चरित्र पर संदेह करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़े होने लगे। करीब तीन महीने पहले आरोपी मोहसिन ने इकरा की जमकर धुनाई कर दी। जिसकी शिकायत उसने निशातपुरा थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद वह अपने मौसी के घर लौट गई। आरोपी उससे फोन पर संपर्क में रहने लगा। बीती रात आरोपी ने युवती को कॉल कर मिलने के लिए राजी कर लिया। उसे घुमाने का झांसा देकर लेक ले गया। उसने पहले ही हत्या का मंसूबा बना रखा। लिहाजा वह एक बड़ा चाकू अपने पास रखा हुआ था। युवती को बोट क्लब ले जाने के बाद आरोपी ने लड़की से झगड़ा शुरु कर दिया। करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच विवाद चलता रहा। इसके बाद में आरोपी ने लड़की के गले पर जोरदार वार किया। एक ही वार में उसकी जान चली गई। घटना के बाद में आरोपी काले रंग की करिजमा बाइक से फरार हो गया था। सीसीटीवी में कैद बाइक नंबर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।



तमाशमीन बने रहे लोग
घटना के समय बोट क्लब पर भीड़-भाड़ थी। लोग युवक-युवती को लड़ता देखते रहे। देखते ही देखते आरोपी ने चाकू से युवती पर वार कर दिया। लड़की स्पॉट पर पड़ी तड़पती रही। किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं जुटाई, आखिरकर पुलिस के पहुंचने के बाद ही उसे अस्पताल पहुंचाया जा सका। वहीं भारी भीड़ के बीच आरोपी आसानी से फरार हो गया। किसी ने उसे पकडऩे अथ्वा उसकी गाड़ी का नंबर नोट करने की जहमत भी नहीं की। मृतका की शिनाख्ती के लिए पुलिस ने उसके फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए। देर रात उसकी शिनाख्त की जा सकी। वहीं पुलिस सूत्रों की माने तो मोहसिन ने पूछताछ में बताया कि इकरा उसे परेशान करती थी। कहीं भी आने जाने पर रोक लगाती थी। यहां तक की उसके रिश्तेदारों से मिलने पर भी आपत्ति लेती थी। इकरा उसके चरित्र पर संदेह करती थी। उसके मोबाइल को बारीकी से चेक करती थी। छोटी-मोटी बातों पर झगड़ती थी, वह उससे बेहद परेशान हो चुका था। जिसके बाद उसने हत्याकांड को अंजाम दे डाला।

Share:

Next Post

कांग्रेस आज प्रदेश भर में लगाएगी 500 गांधी चौपाल

Sun Oct 2 , 2022
गांव-गांव हेांगे आयोजन, गांधी के विचारों पर होगी चर्चा भोपाल। मप्र कांग्रेस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आज प्रदेश भर में 500 से ज्यादा गांधी चौपाल लगाने जा रही है। गांधी चौपाल के प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्म जयंती 2 अक्टूबर से कांग्रेस प्रदेश भर में गांधी […]