
- जंजीरवाला से अटल द्वार तक बनने वाली सडक़ के लिए नोटिस के बाद
- पिछले दिनों क्षेत्र के कई रहवासी विधायक के साथ मेयर से मिलने भी पहुंचे थे
इन्दौर। नगर निगम (Municipal council) द्वारा जंजीरवाला (Janjiravala) से लेकर अटल द्वार (Atal Gate) तक बनाई जाने वाली 60 फीट चौड़ी सडक़ (60 feet wide road) के लिए पिछले दिनों निशान और नपती के साथ-साथ रहवासियों को नोटिस दिए गए थे। फुटपाथ की चौड़ाई कम करने की मांग को लेकर रहवासी मेयर से भी मिले, लेकिन कोई हल नहीं निकला तो रहवासियों ने खुद अपने स्तर पर बाधाएं हटाना शुरू कर दी।
नगर निगम शहर के कई स्थानों पर प्रमुख मार्गों की सडक़ों को बनाने की तैयारी में है और इसके लिए बड़े पैमाने पर नोटिस जारी किए गए हैं। दवा बाजार से जगन्नाथ धर्मशाला तक छावनी की सडक़, जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा, कंडीलपुरा से किला मैदान और चंदननगर से कालानी नगर तक की सडक़ बनाने का काम तेजी से शुरू करने की तैयारी है। इसको लेकर नोटिसों की कार्रवाइयां पूरी की जा रही है। निगम ने कई स्थानों पर नोटिस जारी कर दिए हैं और साथ ही सुनवाई भी हो रही है। इसी बीच निगम ने जंजीरवाला चौराहे से लेकर नेहरू नगर होते हुए अटल द्वार तक बनने वाली 60 फीट चौड़ी सडक़ के लिए पिछले दिनों नपती और निशान लगाने की कार्रवाई की थी और बाधक निर्माणों पर लाल निशान लगाए गए। इसके बाद रहवासी वहां दोनों ओर से फुटपाथों की चौड़ाई कम करने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया के साथ महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मिलने पहुंचे थे और फुटपाथ की चौड़ाई कम कराए जाने की मांग की थी, ताकि उनके घर बच सके, लेकिन सुनवाई नहीं होने के चलते रहवासियों ने खुद मोर्चा संभाला और बाधक निर्माण हटाना शुरू कर दिए हैं।
सडक़ के दोनों किनारों पर तोड़ रहे हैं पांच-पांच फीट के हिस्से
पिछले दो दिनों से नेहरू नगर और उसके आसपास के कई क्षेत्रों में रहवासी खुद अपने परिजनों के साथ मिलकर बाधक निर्माणों के हिस्से हटा रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि मकान, दुकान और ओटलों के पांच-पांच फीट के हिस्से तोड़ रहे हैं। इसके लिए अधिकारियों ने वहां निरीक्षण के दौरान रहवासियों को खुद बाधाएं हटाने को कहा था। उक्त सडक़ बनने से वाहन चालक सीधे जंजीरवाला चौराहे से एमआईसी थाने के सामने अटल द्वार तक पहुंच सकेंगे और अब तक उन्हें मालवा मिल, पाटनीपुरा अथवा एबी रोड से लेकर एमआईजी तक जाना पड़ता है।