
इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि नगर निगम द्वारा 16 अगस्त को शहर को बड़ी विकास की सौगात दी जाएगी। इसके तहत मुख्यमंत्री के हाथों चार नवनिर्मित सडक़ों का लोकार्पण कराया जाएगा। इसके साथ ही फूटी कोठी फ्लाईओवर ब्रिज की सर्विस रोड और दशहरा मैदान पर अटलजी की प्रतिमा का भूमिपूजन भी होगा।
भार्गव ने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री से 16 अगस्त का समय मांगा गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री कायाकल्प योजना के तहत 12 करोड़ रुपए की लागत से अन्नपूर्णा रोड से फूटी कोठी रोड को जोडऩे वाली लिंक रोड का लोकार्पण कराया जाएगा। यह रोड बनकर तैयार हो गई है। इसके अलावा सांवेर रोड पर नगर निगम के जोनल कार्यालय के सामने से बनाई गई 900 मीटर लंबी सडक़ का भी लोकार्पण किया जाएगा। शहर के मध्य क्षेत्र में गौतमपुरा से हरसिद्धि को जोडऩे वाली सडक़ का भी लोकार्पण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त निपानिया में निगम द्वारा बनाई गई सडक़ का लोकार्पण होगा। भार्गव ने बताया कि 4 सडक़ों के लोकार्पण के साथ फूटी कोठी चौराहे पर इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए गए फ्लाईओवर ब्रिज की सर्विस रोड का भूमिपूजन किया जाएगा। इस सर्विस रोड के निर्माण के लिए प्राधिकरण द्वारा नगर निगम को 6.5 करोड रुपए दिए गए हैं। इस राशि से यह सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसके साथ ही दशहरा मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने के कार्य का भी भूमिपूजन होगा।
निगम के सभी बड़े प्रोजेक्ट की आज भोपाल में समीक्षा
इंदौर। नगर निगम के सभी बड़े प्रोजेक्टों में किए जा रहे और किए जाने वाले कामों की आज अपर मुख्य सचिव संजय दुबे द्वारा समीक्षा की जाएगी। 2 दिन पूर्व ही प्रदेश के नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे द्वारा भी यही समीक्षा की गई है। केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई योजना अमृत 1.0 व अमृत 2.0 के कामों की 2 दिन पूर्व प्रदेश के नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत गोंडा द्वारा समीक्षा की गई थी। इस समीक्षा में उन्होंने अमृत 2.0 के अंतर्गत प्रस्तावित किए गए चार अलग-अलग काम लेने वाले ठेकेदारों के साथ भी चर्चा की थी। अपर मुख्य सचिव संजय दुबे द्वारा आज स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, विभिन्न सडक़ों के निर्माण के साथ जारी किए जाने वाले टीडीआर सर्टिफिकेट के मामले की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में प्रमुख अधिकारियों के साथ प्रोजेक्ट की समीक्षा होगी और राज्य शासन के स्तर पर प्रोजेक्ट से संबंधित जो मामले लंबित हैं उन पर भी विचार-विमर्श होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved