
गरज-चमक के साथ रात को 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज, जून 2025 में 26 डिग्री तक पहुंचा था पारा, दिन का पारा सामान्य से 2 डिग्री और रात का 4 डिग्री ज्यादा
इन्दौर। शहर (Indore) के मौसम (weather) ने कल रात अचानक करवट बदली। रात को बिजली चमकने (Lightning flashing) के साथ तेज गडग़ड़ाहट हुई और शहर के अधिकांश हिस्सों में बारिश (Rain) देखने को मिली। बादलों के कारण रात के तापमान में भी उछाल आया और पहली बार पारा बढक़र 25 डिग्री के आगे जा पहुंचा। यह इस साल के साथ ही पिछले 10 महीनों का सबसे ज्यादा तापमान था। इसके साथ ही कल की रात पिछले 10 महीनों की सबसे गर्म रात भी बन गई। वहीं दिन का पारा भी लगातार पांचवें दिन 40 डिग्री के आगे बना रहा।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और कल की अपेक्षा 3.7 डिग्री ज्यादा था। इससे पहले रात का सर्वाधिक तापमान 14 जून 2025 को 26.2 डिग्री के रूप में दर्ज हुआ था। इसके बाद से यह सर्वाधिक तापमान है। रात से सुबह के बीच 0.2 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई। यह इस माह हुई पहली बारिश भी थी। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी रही। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 45 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।
दिन का तापमान गिराते और रात का बढ़ाते हैं बादल
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि गर्मी के मामले में बादल दिन और रात में अलग प्रभाव दिखाते हैं। दिन में बादल होने के कारण धूप का असर कम होता है और तापमान में कमी आती है। वहीं दूसरी ओर रात को बादल होने के कारण दिन की गर्मी रात को ऊपर नहीं उठ पाती है और रात का तापमान बढ़ जाता है। आसमान साफ होता है तो दिन की गर्मी रात को ऊपर उठ जाती है और मौसम ठंडा हो जाता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन बादल छाए रहेंगे, जिससे मौसम ऐसा ही रहेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved