उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News) मध्‍यप्रदेश

हल्की ठंड की दस्तक दी मौसम ने…

उज्जैन। शहर के मौसम का मिजाज दिन में हल्की गर्मी और रात में हल्की ठंड का एहसास करा रहा है। इससे रात लोगों को सुहावनी लग रही है। अभी एक-दो दिन और ऐसा ही मौसम रह सकता है। हालांकि 11 अक्टूबर के बाद हल्की बारिश के साथ ही मौसम में बदलाव का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभी कोई सिस्टम नहीं होने के कारण तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव की गुंजाइश नहीं है। दिन के साथ ही रात के तापमान में एक-दो डिग्री का उतार-चढ़ाव ही हो सकता है। आज एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी अंडमान में बन रहा है, जो अवदाब में बदलेगा। एक-दो दिन यह बंगाल की खाड़ी में रहने के बाद आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 11 अक्टूबर के बाद शहर में बूंदाबांदी के आसार बन सकते हैं। शुक्रवार को दिन का तापमान 0.5 डिग्री की गिरावट के साथ 35 डिग्री दर्ज हुआ। रात का तापमान 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 19 डिग्री पहुंचा। हालांकि, यह सामान्य तापमान से 1 डिग्री कम था। यही वजह रही कि रात में ठंडक का एहसास हो रहा है। शहर में नवंबर माह में ठंड महसूस होती थी। ठंड के सीजन में तापमान का गिरना पश्चिमी विक्षोभ की तीव्रता और हवा की दिशा पर निर्भर रहता है। पश्चिमी विक्षोभ मानसून की बिदाई होने पर ही उत्तर भारत में आते हैं, लेकिन इस बार अभी 15 दिन में एक के बाद एक कर पांच पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। इनके प्रभाव से पिछले दिनों हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी भी हुई थी। ठंड के मौसम के लिए हवा का पैटर्न उत्तरी, उत्तर-पश्चिमी अनुकूल होता है।

इस बार अक्टूबर की शुरुआत से ही उत्तर-पश्चिमी हवााएं चलने लगी हैं। सितंबर माह के आखिरी सप्ताह के बाद कोई प्रभावी मानसूनी सिस्टम नहीं बना। इससे आसमान साफ रहा। वातावरण में नमी भी काफी कम हो गई। इस वजह से ठंड ने समय से पूर्व दस्तक दे दी है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में न्यूनतम तापमान में भी रिकार्ड गिरावट होने की भी संभावना है।

Share:

Next Post

वाटर प्यूरीफायर गोडाउन में भीषण आग

Sat Oct 10 , 2020
लाखों का माल जलकर खाक, आधा दर्जन से अधिक दमकलों की मदद से दो घंटे में आग पर काबू पाया भोपाल। प्रदेश भाजपा कर्यालय के पीछे आज सुबह करीब सात बजे एक वाटर प्यूरीफ ायर और आरओ पाट्र्स दुकान व गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से दुकान व गोदाम में रखा लाखों […]