मध्‍यप्रदेश राजनीति

कांग्रेस ने घोषित किए महापौर पद के 15 उम्मीदवार, भोपाल से विभा पटेल और इंदौर से संजय शुक्ला

भोपाल। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव (Urban body elections in Madhya Pradesh) को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां (political activities) तेज हो गई हैं। प्रदेश के 16 नगर निगमों के चुनाव के लिए शनिवार, 11 जून को अधिसूचना जारी होगी और इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। दोनों ही प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस के लिए महापौर प्रत्याशियों का चयन गले की फांस बन गया है। दावेदारों की जबरदस्त संख्या को देखते हुए भाजपा ने गुरुवार को होने वाली बैठक टाल दी है, लेकिन कांग्रेस ने दिनभर चली बैठकों के बाद शाम को महापौर पद के 15 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश के 16 नगर निगम में से 15 में महापौर पद के प्रत्याशियों की घोषणा की है। उन्होंने गुरुवार देर शाम उम्मीदवारों की सूची जारी की। कमलनाथ ने सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने के बाद सहमति के आधार पर उम्मीदवारों के नाम तय किए। एक-एक निकाय के प्रभारी और स्थानीय विधायकों से फीडबैक लिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव काफी अहम हैं, इसलिए पूरी ताकत से जुट जाएं। पार्टी के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं रखें।



जारी सूची के अनुसार भोपाल से विभा पटेल (मप्र महिला कांग्रेस अध्यक्ष), इंदौर से संजय शुक्ला (विधायक), जबलपुर से जगत बहादुर सिंह (जिला कांग्रेस अध्यक्ष), ग्वालियर से शोभा सिकरवार (विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी) को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि उज्जैन से महेश परमार (तराना विधायक), सागर से निधि जैन (पूर्व विधायक सुनील जैन की पत्नी), रीवा से अजय मिश्रा (पूर्व नगर निगम अध्यक्ष), मुरैना से शारदा सोलंकी (पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी पत्नी), सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा (विधायक), कटनी से श्रेया खंडेलवाल (यूथ कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता), सिंगरौली से अरविंद सिंह चंदेल (जिला कांग्रेस अध्यक्ष), बुरहानपुर से शहनाज अंसारी (पूर्व पार्षद), छिंदवाड़ा से विक्रम अहाके, देवास से कविता रमेश व्यास (सचिव, प्रदेश कांग्रेस), खंडवा से आशा मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है।

अब केवल रतलाम नगर निगम शेष बचा है, जिसके महापौर पद के लिए कांग्रेस उम्मीदवार की घोषणा होना बाकी है। बताया जा रहा कि यहां उम्मीदवार फाइनल नहीं हुआ है। यहां भूरिया फेक्टर से पेंच फंस गया है। दरअसल, यहां से महापौर पद के लिए दावेदारी कर रहे दोनों दावेदार पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के समर्थक है। कांग्रेस के सामने ये दुविधा है कि युवा प्रत्याशी बनाया जाए या फिर अनुभवी को उतारा जाए। यहां से दावेदारी कर रहे राजीव रावत 3 बार के पार्षद हैं और मयंक जाट वर्तमान में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष है। मयंक जाट पर मारपीट मामले में केस चल रहा है। इस पर जल्द ही फैसला आ सकता है। ऐसे में कांग्रेस ने यहां से नाम को फिलहाल होल्ड कर दिया है। वहीं, युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया यहां के अपने कोटे से टिकट दिलाना चाहते है, लेकिन कांग्रेस कानूनी किरकिरी से बचने के लिए फैसला का इंतजार करना चाहती है।

Share:

Next Post

वनवासी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयत्नशील सेवा समर्पण संस्थान

Fri Jun 10 , 2022
– बृजनन्दन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज के लगभग हर क्षेत्र में तीव्र गति से सेवा कार्य कर रहा है। निर्बल और उपेक्षित वर्गों के प्रति सेवा को प्रमुखता दी जा रही है। इनमें वनवासियों की तरफ तो संघ का ध्यान कुछ अधिक ही है। हालांकि, वनवासियों की समस्याएं और चुनौतियां जटिल हैं लेकिन, बावजूद इसके […]