भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

उपचुनाव के मैदान से कई पार्टियां बाहर

  • सपा सिमटी, गोंगपा, शिवसेना, सीपीआई चुनिंदा सीटों पर ही

भोपाल। प्रदेश की 28 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस के अलावा छोटे-बड़े एक दर्जन से अधिक दल के नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) मैदान से बाहर हो गई है। पहले आप ने चुनाव लडऩे का ऐलान किया था। वहीं, सपाक्स 13 सीटों पर किस्मत आजमा रही है। 19 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि कितने सियासी खिलाड़ी मैदान में हैं। उपचुनाव में किस्मत आजमाने के लिए 458 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। भाजपा, कांग्रेस और बसपा ने सभी 28 सीटों पर उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि अन्य दलों ने प्रभाव क्षेत्र में उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इसमें सपा का प्रभाव क्षेत्र उत्तर प्रदेश राज्य से सटे पड़ोसी जिले हैं, इसलिए सपा ने इन क्षेत्रों में फोकस किया है। ऐसे ही सपाक्स ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें सुमावली, मुरैना, अम्बाह, मेहगांव, ग्वालियर ईस्ट, पोहरी, बमोरी, अशोकनगर, मुंगावली विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, बड़ामलहरा, सांची, अनूपपुर और सांवेर सीट पर भी सपाक्स के उम्मीदवार उतरे हैं। गोडवाना गणतंत्र पार्टी, शिवसेना, सीपीआई सहित अन्य दल भी मैदान में हैं, लेकिन ये चुनिंदा सीटों पर ही हैं।

कौन कितनी सीटों पर
भाजपा, कांग्रेस, बसपा सभी सीटों पर उतरी है। सपाक्स 13 तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 4 सीटों पर मैदान में है। आप पार्टी के प्रदेश सचिव आशुतोष तिवारी ने कहा- मध्यप्रदेश के उपचुनाव में उम्मीदवारों को उतारने का मन बना रही थी, इसकी प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते पार्टी ने उपचुनाव न लडऩे का निर्णय लिया है। सपाक्स के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- 28 सीटों में से 13 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

Share:

Next Post

कमलनाथ ने प्रचार तो दिग्विजय सिंह ने संभाला समन्वय का काम

Mon Oct 19 , 2020
भोपाल। उपचुनाव अब अपने चरम पर पहुंच गया है। 15 दिन बाद उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला जनता ईवीएम में कैद कर देगी। कांग्रेस ने इस उपचुनाव में अपना पूरा जोर लगा दिया है। कांग्रेस के सारे बड़े नेताओं ने अपना-अपना जिम्मा संभाल लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रचार […]