उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

फिर लौटा मानसून…रात में हुई तेज बारिश, 1 इंच के लगभग पानी गिरा

  • एक सप्ताह पहले शहरी क्षेत्र में 36.49 इंच पानी बरसा चुका था-24 घंटे में 28.6 मिमी वर्षा और हो गई

उज्जैन। इस वर्ष गत सप्ताह तक शहरी क्षेत्र में कुल 36.49 इंच बारिश हो चुकी थी, जो औसत बारिश का आंकड़ा माना जाता है। इसी के साथ मानसून की बिदाई हो गई थी,लेकिन पिछले तीन दिनों से उज्जैन में फिर मानसून की वापसी हुई है और पिछले 24 घंटों में सवा इंच के लगभग पानी बरस चुका है। आज सुबह से भी रिमझिम बारिश चल रही है।
मौसम विभाग ने अक्टूबर महीने तक बारिश की संभावना जताई थी। पिछले तीन दिनों से शहर में यह आंकलन सही साबित हो रहा है। वेधशाला से मिली जानकारी के मुताबिक इस साल 1 जून से लेकर 27 सितंबर की सुबह तक उज्जैन शहरी क्षेत्र में वेधशाला से कुल 927 मिमी अर्थात 36.49 इंच वर्षा हुई है। मालवा में बारिश का औसत आंकड़ा 36.14 इंच को माना जाता है। कुल मिलाकर इस सीजन में उज्जैन में मानसून से औसत बारिश का आंकड़ा ही छू पाया है।


आमतौर पर 15 सितंबर को बारिश के सीजन का अंत और मानसून की बिदाई मानी जाती है। इधर पिछले तीन दिनों से शहर में मानसून की वापसी हुई है। दशहरे के दिन से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था और यह क्रम कल गुरुवार को भी जारी रहा। वेधशाला के अनुसार कल सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक 7 मिमी पानी बरसा था और इसके बाद आज सुबह 8 बजे तक 21.6 मिमी वर्षा रात में रिकॉर्ड की गई। रात 2 बजे के लगभग तेज हवा, बिजली और गरज के साथ लगभग एक घंटे से अधिक समय तक बारिश होती रही। आज सुबह भी बादल छाए हैं और रिमझिम पानी बरस रहा है। पिछले 24 घंटे में वेधशाला में 28.6 मिमी बरसात हो चुकी हैं, जो सवा इंच के लगभग है।

Share:

Next Post

लापरवाही भारी पड़ी निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता को

Fri Oct 7 , 2022
कर्मचारियों और अपने स्टाफ से भी समन्वय नहीं था-नदी के घाटों की गंदगी बनी कारण उज्जैन। निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता की एकाएक रवानगी का मुख्य कारण भी लापरवाही रही और प्रधानमंत्री के आगमन के कारण लगातार बड़े अधिकारी आ रहे थे, इसके बावजूद नदी क्षेत्र में गंदगी थी। उनके ट्रांसफर की खबर के बाद पटाखे […]