भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सड़कों और इससे जुड़ी अधो-संरचनाओं में नई तकनीक का किया जाए भरपूर उपयोग

  • केंद्रीय मंत्री गडकरी और मुख्यमंत्री ने 2300 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का किया शिलान्यास

भोपाल। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि स्वराज को सुराज में बदलना हमारा मिशन है। चौतरफा विकास हम सबकी महती जवाबदारी है। इंदौर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और समूचे देश में अधो-सरंचनाओं का निर्माण तेजी से हो रहा है। यह हमारा जनता के प्रति उत्तरदायित्व है। जनता ने हमें जो दिया है, वह हम उन्हें लौटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों के निर्माण और इससे जुड़ी अधो-संरचनाओं तथा परिवहन संबंधी परियोजनाओं में नई और उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जहाँ एक ओर लागत में बड़ी कमी आ रही है, वहीं दूसरी ओर गुणवत्ता में भी सुधार हो रहा है।
नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में मध्यप्रदेश को 2300 करोड़ रूपये लागत की 5 सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने 119 किलोमीटर लंबी 5 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं वन-वे साइड एमिनिटी का लोकार्पण भी किया। नितिन गडकरी ने आह्वान किया कि निर्माण के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का भरपूर उपयोग किया जाए। इसके लिये जरूरी है कि विशेषज्ञों की मदद ले और बेस्ट प्रेक्टिसेस का अध्ययन किया जाए। गडकरी ने कहा कि पर्यावरण सुधार की ओर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। प्रदूषण से मुक्ति के लिये वाहनों में ईंधन के गैर परम्परागत स्त्रोत का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे जहाँ एक ओर सस्ता ईंधन प्राप्त होगा, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण सुधार के साथ यात्रियों को भी कम किराया देना होगा। इसके लिये इलेक्ट्रिक, बायो गैस, बायो डीजल, ग्रीन हाईड्रोजन, बायो मिथेनॉल आदि गैर-पारम्परिक स्त्रोतों से संचालित वाहनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तेजी से दुनिया बदल रही है, तो ऐसे वक्त में ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी तेजी से बदलना होगा। किसान को ऊर्जा दाता बनाना होगा। यह प्रयास करने की जरूरत है कि हम ऊर्जा का आयात करने वाला देश नहीं, बल्कि निर्यात करने वाला देश बनाए। नए विजन के साथ कार्य करें।


देश में हो रहे विकास किसी चमत्कार से कम नहीं: शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में हो रही विकास तथा प्रगति के कार्य किसी चमत्कार से कम नहीं है। अकल्पनीय चहुँमुखी विकास और प्रगति हो रही है। मध्यप्रदेश में भी विजन के साथ कार्य किये जा रहे है। केन्द्र सरकार से भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर विकास का इंजन है। आने वाले दस सालों में यह शहर बेंगलुरू और हैदराबाद को पीछे छोड़ देगा। चौहान ने कहा कि इंदौर मेरे सपनों का शहर का है। इसके विकास में कोई कोर-कसर नहीं रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि हमारा सपना है कि परिवहन सेवा के लिये अब आसमान का उपयोग भी किया जाए। इसके लिये उन्होंने इंदौर में केबल कार के संचालन और पार्किंग के लिये मल्टीलेबल प्लाजा बनाने तथा बसपोर्ट की आवश्यकता बताई।

चंबल के बीहड़ों से निकलेगा राष्ट्रीय राजमार्ग
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का एक विजन होता है। उसी विजन के अनुसार प्रदेश में चौतरफा विकास के काम हो रहे है। अकेले जो इंदौर में हुआ है, वह आज सबके सामने है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द चंबल के बीहड़ों से राष्ट्रीय राजमार्ग निकलेगा। बीहड़ जमीन पर इंडस्ट्री लगाई जाएंगी और नई टाउनशिप बनेगी। केन्द्रीय मंत्री गडकरी से हमने जितनी सड़कें मांगी, उन्होंने कभी इंकार नहीं किया।

सड़कें विकास का मुख्य आधार : भार्गव
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि सड़कें विकास का मुख्य आधार है। प्रदेश में सड़क सहित बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। सड़क निर्माण के लिये केन्द्र सरकार का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। सड़कों के विकास से प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। गुणवत्तापूर्ण सड़कें बन रही है। इससे यातायात सुगम हो रहा है और यात्रियों को जाम से मुक्ति मिल रही है।

Share:

Next Post

हर आगजनी की घटना के बाद फायर सेफ्टी ऑडिट की होती है खानापूर्ति

Tue Aug 2 , 2022
नगरीय प्रशासन मंत्री आदेश देते हैं, लेकिन पालन नहीं करा पाते भोपाल। जबलपुर के न्य लाइफ मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में आगजनी की घटना के बाद सरकार ने एक बार फिर फायर सेफ्टी ऑडिट की जांच के आदेश दे दिए हैं। इससे पहले भी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में आगजनी की घटना के बाद फायर सुरक्षा […]