भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

उत्तरी हवाओं ने प्रदेश में बढ़ाई सिहरन

  • राजधानी में लगातार तीसरे दिन कोल्ड डे

भोपाल। उत्तर-पूर्वी सर्द हवाओं के कारण राजधानी में लगातार तीसरे दिन भी कोल्ड डे है। मौसम के शुष्क होने व वातावरण में नमी न होने के कारण दिन व रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक भोपाल में 29 जनवरी तक ऐसे ही ठंड का असर बरकरार रहने की संभावना हैं। जनवरी माह में इस बार अधिकांश दिन में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहा है। इस माह में अब तक सिर्फ तीन दिन ही ऐसे रहे हैं जिसमें न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे गया हैं।

29 व 30 दिसंबर को रहा था कोल्ड डे
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक ठंड के तेवर इसी तरह तीखे बने रहने के आसार हैं, लेकिन गुरुवार से पूर्वी मध्यप्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में जबरदस्त बर्फ बारी हुई है। वर्तमान में किसी वेदर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने से हवाओं का रुख भी उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है। 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने से राजधानी सहित पूरे प्रदेश में दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।

आंध्र तट पर बना प्रति-चक्रवात
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के मुताबिक आंध्र तट पर एक प्रति-चक्रवात बन गया है। इस सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मध्य प्रदेश में हवा का रुख दक्षिणी होने लगा है। इससे छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मध्य प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी मिलने की संभावना है। लगातार नमी आने के कारण गुरुवार से पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल छाने के आसार हैं। इस वजह से न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके अलावा जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी होने की संभावना है। इससे गुरुवार से शेष प्रदेश में भी तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

Share:

Next Post

दिल्ली पुलिस ने जारी किए लुकआउट नोटिस, विदेश भाग सकते हैं किसान नेता

Thu Jan 28 , 2021
नई दिल्ली। तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का आज 64वां दिन है। गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हुड़दंग के बाद यह आंदोलन अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। वहीं, हिंसा में आरोपी किसान नेता पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए कहीं चुपके से विदेश न भाग […]