भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

पोर्टल में अटकी मूंग की खरीदी

  • 12 जून से होनी थी ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी

भोपाल। मप्र में सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए तत्पर रहती है। यही कारण है कि प्रदेश के किसान अपनी उपज सरकार को प्राथमिकता के साथ बेचते हैं। इससे जहां किसानों को उचित मूल्य तो मिलता ही है, समय पर भुगतान भी हो जाता है। इसी उम्मीद से इस बार भी किसान सरकार को ग्रीष्मकालीन मूंग बेचने की तैयारी करके बैठे हैं, लेकिन पोर्टल में कुछ खराबी के कारण मूंग की खरीदी नहीं हो पा रही है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश में 12 जून से ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी होनी थी। इस साल सरकार 2.25 लाख टन मूंग खरीदने की तैयारी कर रही है। मप्र सरकार एक दिन में एक किसान से 40 क्विंटल चना खरीद सकेगी। पहले यह सीमा 25 क्विंटल की ही थी। इस साल मप्र में पांच लाख टन से अधिक ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादन हुआ है। उधर किसान इंतजार में हैं कि जल्द से जल्द खरीदी शुरू हो। इसके चलते मंडी में मूंग की आवक बेहद कमजोर हो रही है। उपसंचालक कृषि नर्मदापुरम जानराव हेंडयू का कहना है कि खरीदी पोर्टल पर अभी सुधार कार्य चल रहा है। सुधार कार्य में लगभग 1 सप्ताह लग सकता है। जैसे ही पोर्टल ठीक हो जाएगा उसके बाद व्यवस्थित रूप से उपार्जन का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। किसी भी किसान को कोई भी परेशानी नहीं आएगी।

किसान हो रहे परेशान
सरकार ने जैसे ही 12 जून से मूंग की खरीदी की घोषणा कि किसानों ने भी तैयारियां पूरी कर ली। लेकिन खरीदी पोर्टल में खराबी के चलते आज तक मूंग की खरीदी शुरू नहीं हो पाई है। खरीदी सेंटर देरी से प्रारम्भ होने के चलते कई किसानों की स्लाट बुकिंग की तारीख निकल गई। पोर्टल पर स्लाट कैंसिल भी नहीं हो रहे हैं। कई किसानों की पोर्टल पर सत्यापित मात्रा नहीं दिख रही। इससे ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन को लेकर किसान परेशान हैं। मूंग खरीदी प्रारम्भ की तारीख 12 जून को निकले तीन सप्ताह से अधिक हो चुके हैं परंतु क्षेत्र में आज तक भी मूंग खरीदी केंद्र प्रारम्भ नहीं हो पाई है। जबकि अधिकारी बार-बार दावा कर रहे हैं कि पोर्टल ठीक हो गया है। खरीदी केंद्र भी चालू हो गए हैं परंतु यथार्थ धरातल पर कुछ अलग है। पिपरिया और बनखेड़ी क्षेत्र में आज भी ज्यादातर खरीदी केंद्र प्रारंभ नहीं हो सके हैं। पोर्टल पर खराबी और खरीदी केंद्र प्रारंभ होने के चलते किसान परेशान हैं। किसान बार-बार सोसायटी के चक्कर लगा रहा है हर बार उसे निराशा ही हाथ लग रही है।



पोर्टल में कई खामियां
जानकारी के अनुसार पोर्टल खराब होने के कारण उसमें कई प्रकार की खामियां दिख रही है। सोसाइटी प्रबंधक और सोसायटी के जिम्मेदारों का एक ही जवाब होता है कि पोर्टल खराब है ना स्लाट बुकिंग हो रही है और ना ही आप के खसरे पर मूंग बिक्री की सत्यापित मात्रा दिख रही है। इसको लेकर किसान कृषि विभाग, पटवारी और तहसीलदार तक शिकायत कर रहा है। परंतु शिकायत होने के बाद भी उसका कोई भी हल नहीं निकल पा रहा है। एसडीएम पिपरिया संतोष तिवारी का कहना है कि क्षेत्र में लगभग सभी खरीदी केंद्रों पर मूंग उपार्जन को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। खरीदी केंद्र • प्रारम्भ भी हो चुके हैं। पोर्टल की समस्या के चलते मूंग उपार्जन में परेशानी आ रही है, जिसे जल्द से जल्द ठीक कराने के प्रयास किये जा रहे हैं।

खरीदों केंद्रों में सामने आई अनियमितता
उधर, खरीदी केंद्रों पर अनियमितता होने के कारण भी किसान परेशान हैं। दरअसल, मूंग की उपज बेचने के लिए किसानों ने पंजीयन कराया था। पंजीयन के बाद प्लाट बुक होने पर किसान अपनी उपज खरीदी केंद्र पर ले जाकर बेच सकता है लेकिन तकनीकी खराबी के कारण किसान का पंजीयन समय पर नहीं हुआ। इसके बावजूद वेयरहाउस संचालकों ने मूंग की खरीदी प्रारंभ कर दी जबकि खरीदी के दौरान सर्वे उपस्थित नहीं थे। ऐसे में वेयरहाउस संचालकों ने अपने गोदाम भरने के लिए मूंग की खरीदी भी कर ली। इसकी शिकायत के बाद प्रशासन जागा और पिछले 6 दिनों से लगातार नेफेड, कृषि विभाग, राजस्व विभाग, फूड विभाग के कर्मचारी वेयरहाउस पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। नेफेड विभाग का मानना है कि 50 हजार क्विंटल मूंग नॉन एफ ए क्यू खरीदा गया है। यह पूरा मूंग बड़े प्लेट कांटे से तोल कर ढेर लगा दिया गया। मूंग की खरीदी के दौरान कोई जांच नहीं की गई यह मूंग अमानक माना जाएगा। शासन ने 18 वेयरहाउसिंग की सूची जारी की है। सूची में माही वेयरहाउस भगवाड़ा, राम सीता वेयरहाउस टी गाली, शिवांश वेयरहाउस भादा कोई, नारायण वेयरहाउस राला, कमला वेयरहाउस बडनग़र, मां गीता वेयरहाउस भादा कोई, जय श्री दादाजी वेयरहाउस बडनग़र, मां गायत्री वेयरहाउस मंडी, मां रेवा वेयरहाउस मंडी, शिव हरी वेयरहाउस पलासी कला, प्रतिभा वेयरहाउस बडऩगर, एमपी वेयरहाउस एन पी वेयरहाउस छींदगाब मोजी, एस पी एम वेयरहाउस लाडकुई, मां भगवती वेयर हाउस रिठबाड़, विश्वराज वेयरहाउस छिपानेर, हिमानी वेयरहाउस कोसमी, सूरज वेयरहाउस चकल्दी, सोनम वेयरहाउस बोरदी की जांच की जाएगी।

अनियमितता की जांच शुरू
मूंग खरीदी केन्द्रों में अनियमितता की शिकायत मिलने के कारण जिला प्रशासन के 18 खरीदी केंद्रों पर खरीदी बंद कर दी है। प्रशासन का मानना है कि जांच के बाद ही इन खरीदी केंद्रों पर खरीदी प्रारंभ की जाएगी। खरीदी बंद होने से इधर किसान परेशान है। बारिश के मौसम में मूंग की फसल को सहेज कर रखना किसान के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। इधर खरीदी केंद्रों पर जांच दल पहुंचा। 18 में से 7 खरीदी केंद्रों पर जांच की गई शेष खरीदी केंद्रों की जांच आज और कल को की जाएगी तब तक इन खरीदी केंद्रों पर खरीदी बंद रहेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिना सर्वेयर के 50 हजार क्विंटल मूंग की खरीदी प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले क्षेत्र के 18 वेयरहाउस पर कार्रवाई की गाज गिरने वाली है। जांच के दौरान अगर इन वेयरहाउस पर अनियमितता पाई गई तो इन पर ब्लैक लिस्टेड की कार्यवाही की जाएगी। लेकिन यह सभी वेयरहाउस के मालिकों की राजनीतिक पकड़ मजबूत होने के कारण इन पर प्रशासन सही जांच कर क्या कार्यवाही कर पाएगा इस तरह की चर्चा बाजार में गर्म है।

Share:

Next Post

मांग पत्र सौंपकर नगर के सर्वांगिण विकास की रायसिंह मेवाड़ा ने की मुख्यमंत्री से मांग

Fri Jul 7 , 2023
आष्टा। नगर के सर्वांगिण विकास के लिए आर्थिक सहायता विशेष निधि से आष्टा नगरपालिका को उपलब्ध कराने के लिए विधायक प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने आज भोपाल सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान को लगभग एक दर्जन से अधिक विकास कार्यो का मांग पत्र सौंपा। विधायक प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने मांग पत्र अनुसार जानकारी देते हुए […]