
अहमदाबाद: अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने टेलीग्राम पर RE-NEET परीक्षा का प्रश्नपत्र दिलाने का झांसा देकर छात्रों और अभिभावकों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने “Raghav_singh_neet” सहित करीब 8 टेलीग्राम चैनल बनाए थे. इन चैनलों पर RE-NEET परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने और परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर भ्रामक पोस्ट, संदेश और विज्ञापन प्रसारित किए जाते थे. इसके बाद छात्रों और उनके अभिभावकों से ऑनलाइन भुगतान के जरिए पैसे वसूले जाते थे.
जांच के दौरान जयपुर निवासी सुमेर सिंह मीणा और कोटा निवासी आकाश मीणा को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी टेलीग्राम पर “Private Mafia” नामक यूजर से भी जुड़े हुए थे. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी “Trading With Karol” और “Pankaj Bhardwaj” जैसे टेलीग्राम चैनलों के जरिए लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के नाम पर भी ठगी करते थे.
पुलिस को आरोपियों के 6 बैंक खातों से देश के विभिन्न राज्यों की 12 शिकायतें जुड़ी मिली हैं. जांच में करीब 1.5 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है. पिछले एक महीने में आरोपियों द्वारा लगभग 1,000 मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम चैनलों से संपर्क किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. साइबर क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने करीब 44 वेबसाइटें बनाई थीं, जिनका इस्तेमाल गेमिंग, बेटिंग, जुआ और साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी गतिविधियों में किया जा रहा था.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के पास से NEET या किसी अन्य परीक्षा का कोई प्रश्नपत्र अथवा परीक्षा संबंधी सामग्री बरामद नहीं हुई है. जांच में सामने आया कि RE-NEET पेपर के नाम का इस्तेमाल केवल छात्रों और अभिभावकों को ठगने के लिए किया जा रहा था. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved