भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

शिव, विष्णु, नरेन्द्र के साथ ग्वालियर पहुंचेंगे सिंधिया

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 अगस्त को पहली बार ग्वालियर पहुंचेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी रहेंगे। सिंधिया पांच माह की लंबी प्रतीक्षा के बाद ग्वालियर आ रहे हैं। भाजपा के चारों दिग्गज नेताओं का यह दौरा उप चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा का दावा है कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता लेंगे। ग्वालियर चंबल संभाग में 16 सीटों पर विधानसभा के उपचुनाव होने हैं। कांग्रेस लंबे समय से यहां अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए है। लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की अनुपस्थिति में भाजपा चुनावी रणनीति में पीछे थी, लेकिन अब भाजपा ने ग्वालियर चंबल संभाग की 16 सीटों को लेकर सक्रियता शुरू कर दी है। यहां माहौल बनाने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा को प्रभार सौंप दिया गया है। झा ने ग्वालियर में मोर्चा संभाल लिया है। बताया जाता है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया चाहते थे कि भाजपा ज्वाइन करने के बाद जब वे पहली बार ग्वालियर जाएं तो उनके साथ प्रदेश भाजपा के सभी दिग्गज नेता भी होना चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के कोरोना पॉजिटिव होने के कारण यह दौरा टल गया था। अब सिंधिया भाजपा के सभी दिग्गज नेताओं के साथ ग्वालियर पहुंचकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने बताया कि 22 से 24 अगस्त तक तीन दिन गुना, ग्वालियर, मुरैना और भिंड लोकसभा क्षेत्रों में आने वाले विधानसभा के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस दौरान भाजपा के दिग्गज नेता इस क्षेत्र के सांसद, विधायक, भाजपा जिला अध्यक्षों व पार्टी के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर चुनावी रणनीति बनाएंगे।

Share:

Next Post

उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री का दूसरा मास्टरस्ट्रोक

Wed Aug 19 , 2020
सरकारी नौकरियों में सिर्फ मप्र के छात्रों की होगी भर्ती भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि मप्र में होने वाली सरकारी भर्तियों में सिर्फ मप्र के छात्रों को ही लिया जाएगा। विधानसभा उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री का यह दूसरा बड़ा मास्टरस्ट्रोक है। इससे पहले वे ग्वालियर-चंबल की तस्वीर और तकदीर बदलने […]