उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News) मध्‍यप्रदेश

सुबह से सन्नाटा पसरा, केवल दूध ही मिला

उज्जैन। पिछले हफ्ते से प्रत्येक रविवार को उज्जैन नगर सहित पूरे जिले में एक दिन का संपूर्ण लॉकडाउन जिला प्रशासन ने घोषित किया है। आज इसी के चलते सुबह से शहर की सभी सडक़ें सूनी नजर आ रही है और दुकानें भी पूरी तरह बंद है। सडक़ों पर सिर्फ पुलिस की गाडिय़ाँ और जवान दिखाई दे रहे हैं।

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच आज रविवार को फिर से एक दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। दो दिन पहले कलेक्टर आशीष सिंह ने इसके आदेश जारी कर दिए थे। कल रात 10 बजे से इसका असर दिखाई देने लगा था। आज सुबह तो 6 बजे से 9 बजे तक बाजार में सिर्फ दूध और अखबार बाँटने वाले वाहन ही दिखाई दे रहे थे। 9 बजे बाद तो इन्हें भी बंद कर दिया गया। दूध की दुकानें सुबह कुछ स्थानों पर खुल गई थी उन्हें भी पुलिस प्रशासन की टीम ने सख्ती से बंद करवा दिया। हालांकि आज आवश्यक सेवाओं में अस्पताल और मेडिकल स्टोर सहित मीडियाकर्मियों और आवश्यक सेवाओं वाले विभाग के कर्मचारियों को लॉकडाउन में छूट दी गई है। बाकी सबकुछ बंद है। कल सुबह 6 बजे ही अब बाजार खुल पाएँगे। इधर आज के संपूर्ण लॉकडाउन को देखते हुए एक दिन पहले ही लोगों ने किराना, सब्जी आदि जरूरी सामान बाजार से खरीद लिया था। पिछले हफ्ते भी जब लॉकडाउन लगा था तो रविवार को लोग पूरी तरह घर में रहे थे। आज भी लोगों का मूढ़ इसी तरह नजर आ रहा है। हालांकि कोरोना के अलावा अन्य बीमार लोगों को आज निजी डिस्पेंसरियाँ बंद रहने के कारण कुछ दिक्कतें आएगी। वैसे भी रविवार को शहर के सभी बाजार अवकाश के कारण बंद रहते हैं और सरकारी दफ्तरों में भी कामकाज नहीं होते। कल लॉकडाउन के एक दिन पहले बाजारों में भीड़ थी। किराना बाजार से लेकर सब्जी की दुकानों तक लोग सामान खरीदते दिखाई दे रहे थे। पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम भी कल कंटेनमेंट इलाकों के दौरों के साथ-साथ आज की घोषणा की जा रही थी। कुल मिलाकर आज रविवार सुबह से ही शहर के सारे बाजार सूने हैं और चौराहे रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड से लेकर सभी धार्मिक स्थलों के आसपास लोग नहीं दिखाई दे रहे हैं। जगह-जगह पुलिस बेरिकेट्स लगाकर चैकिंग कर रही है।

अस्थायी जेल का कमाल..आज गंभीर
होकर कर रहे लोग लॉकडाउन का पालन
प्रदेश के अन्य जिलों की तरह उज्जैन में भी अब कोरोना सिर उठा रहा है। यहाँ भी लॉकडाउन जैसे आसार बन रहे हैं। इसे टालने के लिए कलेक्टर ने दो दिन से बगैर मास्क घूम रहे लोगों को अस्थायी जेल में बंद करने की कार्रवाई शुरु करवाई है। इसका असर आज सुबह से लगे एक दिन के लॉकडाउन में साफ नजर आ रहा है। सोश्यल डिस्टेंस नहीं मानने वाले और मास्क नहीं लगाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने दो दिन से अस्थायी जेल भेजने की रणनीति अपनाई है। माधव कॉलेज को अस्थायी जेल बनाया गया है। शुक्रवार को यहाँ शहर से पकडक़र 350 लोगों को एक दिन के लिए जेल में रखा गया था, वहीं कल 51 लोगों को फिर पकड़ा गया। दो दिनों में 401 लोग अस्थायी जेल की हवा खा चुके हैं। इसका असर आज सुबह से पूरे शहर में नजर आ रहा है और लोग घर से नहीं निकल रहे हैं।

Share:

Next Post

110 साल पुरानी छत्री चौक की टंकी को तोडक़र बनाएंगे शॉपिंग कॉम्पलेक्स

Sun Jul 26 , 2020
उज्जैन। छत्री चौक में धातु की बनी पानी की टंकी से बूढ़े और बच्चे सभी वाकिफ हैं और नगर निगम इसे तोडऩे जा रही है, जबकि होना यह चाहिए कि 110 साल पुरानी इस धरोहर को संभाल कर रखना चाहिए था। इस संबंध में नगर निगम को बाजारी मानसिकता से ऊपर उठकर केवल पैसा कमाने […]