
इंदौर। मास्टर प्लान की सडक़ों में एक स्थान पर 60 तो एक स्थान पर 80 फीट करने के मामले में व्यापारियों ने नगर निगम पर ही सवाल खड़ा किया है। उनका कहना है कि जब एक देश एक चुनाव की बात हो रही है तो एक सडक़ पर दो नियम कैसे लागू किए जा सकते हैं? अगर ऐसा रहा तो व्यापारी सडक़ों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
कल गांधी भवन पहुंचे पंढरीनाथ, मच्छी बाजार और प्रिंस यशवंत रोड के व्यापारियों ने समस्या शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, कोषाध्यक्ष शैलेष गर्ग और पिंटू जोशी के सामने अपनी पीड़ा बयां की। हालांकि यहां कुछ दुकानदारों ने स्टे के लिए कोर्ट में आवेदन किया है, जिसकी सुनवाई 24 जून को होगी। कल सभी दुकानदार और रहवासी गांधी भवन पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वर्षों से यहां रह रहे हैं और उन्हें अपने ही मकान को तोडऩा पड़ रहा है।
सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड तक बनने वाली सडक़ में यहां का बहुत बड़ा हिस्सा टूट जाएगा और व्यापारी बेरोजगार हो जाएंगे। व्यापारियों ने कहा कि वे कांग्रेस के साथ हैं। एक व्यापारी ने तो कहा कि जब छावनी की सडक़ को 80 फीट की बजाय 60 फीट किया जा सकता है तो हमारे यहां की सडक़ को छोटा क्यों नहीं किया जा सकता है। नगर निगम उनके साथ भेदभाव कर रही है। इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा। बाद में चौकसे और अन्य कांंग्रेसियों ने पीडि़तों से मुलाकात भी की और आश्वासन दिया कि कांग्रेस हर आंदोलन में उनके साथ है और वह उनके हक की लड़ाई लड़ेगी। दौरे के दौरान प्रिंस यशवंत रोड व्यापारी समिति के अध्यक्ष प्रदीप पमनानी, डॉ. सैयद साजिद अली, राजा नंदवानी, महेश पाहुजा, मनोज खेमानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved